Move to Jagran APP

भाजपा का जेल भरो आंदोलन किसानों की पूर्ण कर्ज माफी के लिए है

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि कांग्रेस सदा ही लोकतंत्र का गला घोंटती आई है, यह पहली बार नहीं हो रहा। भाजपा का जेलभरो आंदोलन किसानों की पूर्ण कर्जमाफी को लेकर है।

By Preeti jhaEdited By: Published: Tue, 05 Feb 2019 02:43 PM (IST)Updated: Tue, 05 Feb 2019 02:43 PM (IST)
भाजपा का जेल भरो आंदोलन किसानों की पूर्ण कर्ज माफी के लिए है
भाजपा का जेल भरो आंदोलन किसानों की पूर्ण कर्ज माफी के लिए है

अजमेर, (जेएनएन)। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि कांग्रेस सदा ही लोकतंत्र का गला घोंटती आई है, यह पहली बार नहीं हो रहा। भाजपा का जेलभरो आंदोलन किसानों की पूर्ण कर्जमाफी को लेकर है। 8 फरवरी को जेल भरो आंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि किसानों की कर्ज माफी 99 हजार करोड़ रुपए की है, बिना रोड मैप कांग्रेस ने जनता व किसानों को भ्रमित कर सत्ता तो हथिया ली अब प्रदेश का किसान लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से इसका जवाब मांगेगा ।

loksabha election banner

अशोक परनामी सोमवार को अजमेर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। परनामी ने कहा प्रदेश में विधानसभा चुनाव में भाजपा को उम्मीद के अनुसार सीट नहीं मिली किन्तु कांग्रेस भी जीती नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के किसानों को भ्रमित करने का काम किया है। कांग्रेस ने 10 दिन में किसान का कर्ज माफ करने का भ्रम फैला कर वोट ले लिए और सरकार बनाली किन्तु 99 हजार करोड़ का पूर्ण कर्जमाफी का मामला है इसका कोई रोड मैप नहीं है।

एक प्रश्न के जवाब में परनामी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का यह कहना कि भाजपा का जेल भरो आंदोलन नाटक है यह नई बात नहीं है। कांग्रेस सदैव लोकतंत्र का गला घोंटती आई है। इमरजेंसी लगाई गई और अन्य मामले हुए। आज भी कांग्रेस जनता के साथ घोखा ही करने को आमादा है। प्रदेश की जनता लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से इसका जवाब मांगेगी। परनामी ने दावा किया लोक सभा चुनाव में प्रदेश से फिर 25 सीटे भाजपा के पक्ष में आएंगी।

उन्होंने कहा कि वे अजमेर लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर संगठनात्मक बैठक करने आए हैं। इसके माध्यम से राष्ट्रीय कार्यक्रम के बारे में संगठन के लोगों को जानकारी दी गई है। उन्हें सफल करने के लिए विचार किया गया है। उन्होंने बताया कि लोकसभा की दृष्टि से जो क्लस्टर बनाए गए थे उनमें विभिन्न चरणों में अलग अलग कार्य किए जाने है। उनकी तारीख व स्थान तय किए गए हैं। अजमेर, नागौर व राजसमंद को मिलाकर जो क्लस्टर बना है उसमें ब्यावर में 16 को शक्ति केंद्र सम्मेलन, अजमेर में बुद्धिजीवी सम्मेलन आदि की तैयारियां की जा रही है। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को समर्पण दिवस मनाएंगे।, इस दौरान समर्पण राशि एकत्र की जाएगी। इसके माध्यम से पार्टी की गतिविधियों का संचालित किया जाएगा। मेरा परिवार भाजपा परिवार 13 व 14 फरवरी मनाया जाएगा। इसके तहत हर घर पर झंडा फहराया जाएगा। सैनिक सम्मान का कार्यक्रम होगा। इसकी लॉचिंग जयपुर में हो गई। पूर्व सैनिकों के घरों में जाकर उनका सम्मान किया जाएगा। सैनिक कल्याण के लिए जो भी केंद्र सरकार ने काम किया है उस बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उनसे भाजपा के पक्ष में वातावरण बनाने का आग्रह किया जाएगा।

प्रत्याशी की दावेदारी पर नहीं हुई बात—

परनामी ने कहा कि प्रत्याशी की दावेदारी पर कोई बात नहीं की गई है। जीतने वाले स्थानीय व्यक्ति को ही प्रत्याशी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यैय है कि काम करते जाइए सफलता कदम चूमेगी। उनका प्रयास रहेगा कि लोक सभा में स्थानीय प्रत्याशी हो। भाजपा जातीय आधार पर ना तो संगठन चलाती है ना ही राजनीति। उन्होंने कहा कि भाजपा हार की कमियों की समीक्षा कर लोक सभा चुनाव में जा रहे हैं। हार के कई कारण होते हैं जिन्हें आने वाले समय में दूर करेंगे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.