Alwar Mob Lynching: गोतस्कर मुनफेद खान से मारपीट में सात गिरफ्तार
Alwar Mob Lynching. गोतस्कर मुनफेद खान से मारपीट के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। अलवर जिले के शाहजहांपुर पुलिस थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे गोतस्कर मुनफेद के साथ मारपीट करने वाले सात आरोपितों को पुलिस ने मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। फरार चार आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने उन्मादी हिंसा (मॉब लिंचिंग) के शिकार हुए मुनफेद खान के खिलाफ भी गो तस्करी का मामला शाहजहांपुर थाने में दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों में अभय सिंह, वीरेंद्र, करण सिंह, फूल सिंह, रतन सिंह, हवा सिंह और इंद्राज सिंह शामिल हैं।
आरोपितों ने रविवार रात करीब डेढ़ बजे अलवर जिले में खुसा की ढाणी गांव में गो तस्कर मुनफेद खान को पकड़कर उसके साथ मारपीट की थी। मुनफेद कोटपूतली से सात गायों को टाटा 407 गाड़ी में भरकर हरियाणा ले जा रहा था। आरोपितों ने उसकी गाड़ी रोक कर तोड़फोड़ करने के साथ ही उसके साथ मारपीट भी की थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मुनफेद के खिलाफ पहले भी गोतस्करी के मामले दर्ज हैं।