Rajasthan : प्रेम प्रसंग से नाराज महिला के भाई ने प्रेमी शिक्षक के काट दिए नाक कान
बाड़मेर के सिणधरी में प्रेम प्रसंग से नाराज एक महिला के भाइयों ने प्रेमी युवक के नाक कान काट दिये ।
जोधपुर, जागरण संवाददाता। प्रेम प्रसंग से नाराज एक महिला के भाइयों ने प्रेमी युवक के नाक कान काट दिये हैं। मामला जोधपुर संभाग के बाड़मेर जिले के सिणधरी क्षेत्र का है। जिसके बाद गंभीर हालत में युवक के परिजन उपचार के लिए उसे अहदाबाद ले कर गए हैं। पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, दोनों पक्ष अल्पसंख्यक समुदाय से सम्बंधित है।
मिली जानकारी के अनुसार जोधपुर संभाग के बाड़मेर जिले से सिणधरी क्षेत्र के भटाला गांव में स्कूल से लौट रहे एक शिक्षक के प्रेम प्रसंग में नाराज महिला के भाई ने उसके नाक और कान काट दिए। आरोप है कि यह शिक्षक कुछ समय पूर्व एक महिला को भगा ले गया था उसके बाद से महिला के परिजन इस पर हमला करने का मौका तलाश रहे थे।
आरजीटी थानाधिकारी महेंद्र सीरवी ने बताया कि सिणधरी उपखंड के भटाला गांव में कार्यरत एक शिक्षक का गांव की ही एक महिला से प्रेम हो गया। इसका पता चलने पर महिला के परिजनों के साथ उसका कई बार विवाद भी हुआ। इस बीच यह शिक्षक उस महिला को भगा ले गया। महिला को भगा ले जाने से परिजनों का आक्रोश बढ़ गया। जिसके बाद मौका पाकर महिला के भाई और उसके दोस्तों ने स्कूल से लौटते समय शिक्षक को सुनसान स्थान पर रोका और मारपीट की। उन्होंने शिक्षक का नाक काटने के साथ ही दोनों कान भी काट दिए। पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, दोनों पक्ष अल्पसंख्यक समुदाय से सम्बंधित है।
घटना को अंजाम देने के बाद युवक वहां से भाग निकले। जिसके बाद युवकों के परिजनों को इत्तला दी गयी। शिक्षक की बिगड़ती स्थिति को देख उसके परिजन इलाज के लिए अहमदाबाद लेकर गए हैं। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी लेकर मामला दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।