अलवर के बाद अब भीलवाड़ा में 11 साल की मासूम से दरिंदगी, पीड़िता की मां और बहन को मारपीट कर भगाया
मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला शहरी क्षेत्र के सुभाष नगर थाने का है। सोमवार सुबह परिजन पीड़िता को लेकर सुभाष नगर थाने पहुंचे और आमलियों की बारी निवासी आरोपी कालू लाल के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
उदयपुर, संवाद सूत्र। प्रदेश में दुष्कर्म के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अलवर जिले में मूक-बधिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश भर में आक्रोश है लेकिन हर दिन दुष्कर्म का नया मामला सामने आ रहा है। ताजा मामला भीलवाड़ा जिले का है, जहां एक रिश्तेदार युवक ने 11 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म किया। इसकी शिकायत जब पीड़िता की मां और बहन ने की तो पिटाई कर उन्हें भगा दिया। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दुष्कर्म का मामला शहरी क्षेत्र के सुभाष नगर थाने का है
मिली जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा जिले में 11 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला शहरी क्षेत्र के सुभाष नगर थाने का है। जहां रविवार को 11 साल की बालिका को उसी का रिश्तेदार सब्जी दिलाने के बहाने बाइक से अपने साथ ले गया और सुनसान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद वह बालिका को उसके घर के पास छोड़ गया।
तबियत बिगड़ने लगी तो परिवार वालों को जानकारी दी
दुष्कर्म से हुई पीड़ा से जब बालिका की तबियत बिगड़ने लगी तो उसने अपनी मां-बहन और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। जिस पर पीड़िता की मां और बहन आरोपी के घर पहुंची और शिकायत करने लगी तो आरोपी ने उनकी पिटाई कर दी और घर से निकाल दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते आरोपी किया गिरफ्तार
सोमवार सुबह परिजन पीड़िता को लेकर सुभाष नगर थाने पहुंचे और आमलियों की बारी निवासी आरोपी कालू लाल के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कालू लाल को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता डरी-सहमी व बयान देने की स्थिति में नहीं है
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है, जिसमें उसके साथ दुष्कर्म किया जाने की पुष्टि हुई है। बताया गया कि घटना के बाद पीड़िता बुरी तरह डरी-सहमी है तथा बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं कर पाई है।