राजस्थान के बीकानेर में दुष्कर्म पीड़िता ने दिया बच्ची को जन्म
बीकानेर में दुष्कर्म की शिकार हुई एक युवती ने एक बच्ची को जन्म दिया है। आरोपी गर्भवती पत्नी की सहायता के लिए पीड़िता को बुलाता था और उससे दुष्कर्म करता था।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान के बीकानेर में दुष्कर्म की शिकार हुई एक युवती ने एक बच्ची को जन्म दिया है। आरोपी गर्भवती पत्नी की सहायता के लिए पीड़िता को बुलाता था और उससे दुष्कर्म करता था। इसके चलते पीड़िता गर्भवती हो गई। पुलिस ने इस मामले में आबिद नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पीबीएम अस्पताल से इस घटन के बारे में सूचना मिली थी। पुलिस ने वहां जाकर पीड़िता के बयान लिए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी आबिद उसके मोहल्ले में किराए पर रहता था और उसकी पत्नी गर्भवती थी, इसलिए वह कई बार पीड़िता को उसकी देखभाल के लिए बुलाता था।
इस दौरान आबिद ने उससे कई बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। इस बारे में पता चलने पर आबिद ने उसे गर्भ निरोधक गोलियां देकर गर्भ गिराने की कोशिश भी की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। बाद में आबिद ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और दूसरे मोहल्ले में चला गया।
आरोपी घरों में पेंट करने का काम करता है। पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले झुंझुनूं जिले में भी दुष्कर्म पीड़िता द्वारा बच्चे को जन्म देने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था।