जोधपुर में 400 फ़ीट गहरे बोरवेल में गिरी 4 साल की बच्ची की 13 घंटे बाद बाहर निकला शव
जोधपुर के बावड़ी उपखंड क्षेत्र के मेलाणा गांव के पहले 130 फीट पर अटकी सीमा फिर खिसकती-खिसकती 230 फीट नीचे गहरे पानी में उतर गई
जोधपुर, जेएनएन। जोधपुर के मेलाना गांव में लगभग 13 घंटे के रेस्क्यू के बाद भी 4 साल की बच्ची सीमा को नहीं बचाया जा सका। मंगलवार सुबह उसका 350 फीट गहरे बोरवेल से शव बाहर निकाला गया।
बच्ची सीमा पुत्री पूनाराम साेमवार शाम 5:30 बजे बाेरवेल में गिर गई थी। शाम 7:30 बजे 10 जेसीबी से बाेरवेल के समानांतर खुदाई शुरू की गई। रात 8 बजे तक उसके राेने की आवाज भी सुनाई दे रही थी। लेकिन, इसके बाद वो धीरे-धीरे नीचे खिसकती गई। रात 11 बजे तक वह 230 फीट गहराई तक चली गई थी। कैमरे में भी काेई हलचल नजर नहीं आ रही थी। एनडीआरएफ की टीम रात 12:20 मौके पर पहुंची। रात 2 बजे कैमरे में पानी दिखा, पर सीमा नजर नहीं आई। सुबह रेस्क्यू टीम ने बोरवेल से शव बाहर निकाला।
मासूम के दादा करताराम ने बताया कि खेत के बाेरवेल का पंप खराब हाे गया था, इसलिए उसे बाहर निकाल वायरिंग का काम किया जा रहा था। तब सीमा भी आसपास ही खेल रही थी। इस दाैरान उसे किसी चींटी ने काट लिया, ताे वह दाैैड़कर मेरे पास आई, फिर जैसे ही पीछे जाने के लिए मुड़ी तब घास से उसका पांव फिसल गया और वह खुले बोरवेल में जा गिरी। कुछ ही देर में पुलिस व बावड़ी एसडीएम मौके पर पहुंचे। रात तक एडीएम द्वितीय महिपाल कुमार, भोपालगढ़ विधायक पुखराज गर्ग व ओसियां विधायक दिव्या मदेरणा भी पहुंचे।
खेड़ापा के पास मेलाणा गांव में अपने खेत के ही बोरवेल में 350 फीट गहरे बोरवेल में गिरी सीमा के पहले शाम 6:15 बजे 130 फीट पर फंसे होने का पता चला। इसके बाद वो खिसकती-खिसकती 230 फीट नीचे भरे गहरे पानी में उतर गई। इधर, प्रशासन ने रात 2:15 बजे बोरवेल के पास की जा रही खुदाई रोक दी। प्रशासन को सीमा के जीवित रहने की संभावना नहीं दिखी। इसके बाद बिलोई की सहायता से सीमा को निकालना शुरू किया गया, लेकिन पानी के ऊपर घास में ही बिलोई का हुक अटक रहा था।
इस पर ग्रामीणों ने अपने जुगाड़ से सीमा को निकालने के प्रयास शुरू किए। इससे पहले रात 12.25 बजे अजमेर से एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। इधर, प्रशासन ने सीमा को निकालने के लिए रात 7:30 बजे नौ जेसीबी मशीनों से खुदाई शुरू कर दी थी। मौके पर कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित, एडीएम द्वितीय महिपाल भारद्वाज, एसडीएम हेतराम, एसपी रूरल राहुल बाहरठ, ओसियां विधायक दिव्या मदेरणा और भोपालगढ़ विधायक पहुंच गए था ।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप