Coronavirus: राजस्थान में कोरोना के 2112 नए मामले और 15 की मौत
Coronavirus राजस्थान में अब तक एक लाख 30 हजार 971 कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं कुल 1456 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केसों की संख्या 20043 है। प्रदेश में सबसे अधिक 20658 केस जयपुर जिले में मिले हैं।
जयपुर, जागरण संवाददाता। Coronavirus: राजस्थान में सोमवार को कोरोना के 2112 नए मामले मिले और 15 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक एक लाख 30 हजार 971 संक्रमित मिले हैं। वहीं, कुल 1456 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केसों की संख्या 20,043 है। प्रदेश में सबसे अधिक 20,658 केस जयपुर जिले में मिले हैं। दूसरे नंबर पर 19,510 केसों के साथ जयपुर है। सबसे कम 786 केस प्रतापगढ़ जिले में मिले हैं। इसी बीच, सीकर से लोकसभा सांसद सुमेधानंद सरस्वती की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। वे पिछले दिनों ही सासंद में मानसुन सत्र समाप्त होने के बाद अपने क्षेत्र पहुंचे थे। इस दौरान कई कार्यक्रमों का भी हिस्सा बने। रविवार को उन्होंने जांच के लिए अपना कोरोना सैंपल दिया था, जो सोमवार को पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद से वे अपने आश्रम में ही आइसोलेट हो गए।
इससे पहले नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल और टोंक-सवाई माधोपुर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया भी पॉजिटिव मिले हैं। प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के साथ ही आठ विधायक और कई आइएएस अधिकारी भी कोरोना महामारी की चपेट में आ चुके हैं। प्रदेश में रिकवरी रेट 87 फीसद से अधिक है।गौरतलब है कि राजस्थान में रविवार को कोरोरोना के 2084 नए मामले मिले और 15 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक एक लाख 28 हजार 859 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं, जबकि कुल 1441 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में एक्टिव केस 19,700 हैं। सबसे अधिक 20 हजार 212 संक्रमित जयपुर जिले में मिले हैं। दूसरे नंबर पर जोधपुर जिला है, यहां 19 हजार 141 केस मिले हैं। सबसे कम 777 प्रतापगढ़ जिले में मिले हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निर्देश दिए कि प्रदेश के जिन 11 शहरों में धारा 144 लगाई गई है, वहां कड़ाई से पालन किया जाए। प्रशासन पांच या इससे अधिक लोगों को एकत्रित नहीं होने दे। गहलोत ने कहा कि कोविड केयर सेंटर्स में भर्ती मरीजों से मिलने एक व्यक्ति से अधिक नहीं जाए।