राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी नहीं लड़ेंगे चुनाव
राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने एलान किया है कि वे खुद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने एलान किया है कि वे खुद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वे पार्टी के लिए काम करेंगे। सैनी ने ऐसे नेताओं को चुनाव नहीं लड़ने की सलाह दी है, जिनका स्वास्थ्य खराब रहता है।
सैनी ने युवाओं को आगे बढ़ाने की बात भी कही है। सैनी द्वारा अस्वस्थ नेताओं को चुनाव नहीं लड़ने और युवाओं को आगे बढ़ाने की सलाह देना भाजपा की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें 70 साल से अधिक उम्र वाले नेताओं को टिकट नहीं देने पर विचार किया जा रहा है।
वर्तमान में भाजपा के 10 विधायक 70 वर्ष या इससे अधिक उम्र के हैं। हालांकि इनमें से अधिकांश विधायक एक बार फिर चुनाव लड़ना चाहते हैं। बृहस्पतिवार को जयपुर में एक प्रेसवार्ता में सैनी ने कहा कि भाजपा मिशन-180 के तहत काम कर रही है। सैनी ने खुद के चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर उन चर्चाओं को विराम लगा दिया, जिसमें राज्य के कुछ नेता उनके चुनाव लड़ने की बात कर रहे थे। सैनी वर्तमान में राज्यसभा सदस्य है।