Coronavirus: राजस्थान में कोरोना के 1794 नए मामले, 10 की मौत
Coronavirus राजस्थान में कोरोना के 1794 संक्रमित मिलने के साथ ही 10 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या 15251 है। अब तक एक लाख 95 हजार 213 संक्रमित मिलने के साथ ही कुल 1898 लोगों की मौत हुई है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Coronavirus: राजस्थान में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीरे-धीरे कम होने लगी है। प्रदेश में लगातार छठे दिन 1800 से कम कोरोना संक्रमित को मिले हैं। शुक्रवार को यहां 1794 संक्रमित मिलने के साथ ही 10 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या 15251 है। अब तक एक लाख 95 हजार 213 संक्रमित मिलने के साथ ही कुल 1898 लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक 335 केस जयपुर में मिले हैं। इसके बाद जोधपुर में 275 व बीकानेर में 251 संक्रमित मिले हैं। वहीं, करौली व प्रतापगढ़ जिलों में एक भी नया केस नहीं मिला। राज्य के चिकित्सा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार कम हो रही है।
सर्दी के मौसम को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने अस्थमा व एलर्जी वाले मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उधर, कोरोना काल में शुरुआती महीनों में बंद रहने के बाद खुले किले। सरकार ने किलों व महलों को देखने के लिए टिकट में रियायत दी थी, जो शनिवार को खत्म हो रही है। पर्यटन विभाग के अनुसार, प्रदेश के सभी स्मारकों, महलों व किलों में अब पूर्व निर्धारित टिकट ही पर्यटकों से लिया जाएगा।
इधर, राजस्थान में बृहस्पतिवार को 1790 नए पॉजिटिव केस सामने आए। वहीं 11 लोगों की मौत हुई। प्रदेश में अब तक 1 लाख 93 हजार 419 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। वहीं कुल मृतकों की संख्या 1888 हो गई। वर्तमान में एक्टिव केसों की संख्या 15,554 है। नए रोगियों और मौतों दोनों का आंकड़ा लगातार घट रहा है और इसकी तुलना में रिकवरी लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में 11 रोगियों की कोरोना से मौत हुई। प्रदेश में 81 दिन बाद दूसरा मौका है, जब एक दिन में मौतों का आंकड़ा 11 तक रहा। इससे पहले 7 अगस्त को एक दिन में 10 मौतें हुई थी।
इससे पहले रोज औसतन 14-15 लोगों की मौत हो रही थी। यानी अब पहले की तुलना में मौतों में 30 फीसदी तक की गिरावट आई है। अक्टूबर के 29 दिन में अब तक 402 लोगों की मौत हुई है। वहीं पिछले 24 घंटे में 2100 रोगी ठीक भी हो गए। प्रदेश में रिकवरी रेट 90 फीसदी के पार है। रिकवरी बढ़ने के साथ प्रदेश में एक्टिव रोगियों की संख्या भी लगातार गिरती जा रही है। उधर, भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी व चित्तोडगढ़ सांसद सीपी जोशी भी पॉजिटिव आए।