फिरोजपुर से ड्यूटी के बाद घर लौट रहे शिक्षक को गोली मार कार छीनी
फिरोजपुर जिले के एडिड स्कूल में तैनात शिक्षक गुरप्रीत सिंह को चार लोगों ने घेरकर गोली मार दी।
संवाद सूत्र, हरिके पतन : फिरोजपुर जिले के एडिड स्कूल में तैनात शिक्षक गुरप्रीत सिंह को चार लोगों ने घेरकर गोली मार दी। गोली लगने से घायल गुरप्रीत सिंह को घसीटकर कार से बाहर निकालकर आरोपित कार लेकर फरार हो गए। यह घटना राजस्थान-जम्मू-कश्मीर नेशनल हाईवे पर शाम पौने सात बजे की है। घटना के बाद इलाके भर की पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन आरोपितों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
कस्बा हरिके पतन निवासी गुरप्रीत सिंह (35) पुत्र जगतार सिंह फिरोजपुर जिले के एडिड स्कूल में शिक्षक तैनात है। शनिवार की शाम गुरप्रीत सिंह रोज की तरह अपनी कार से वापस लौट रहा था। मक्खू से हरिके पतन राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित गांव बूह समीप जब गुरप्रीत सिंह पहुंचा तो रास्ते में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश लोगों ने कार रोकी। एक आरोपित ने कार के फ्रंट शीशे की ओर से पिस्टल से शिक्षक गुरप्रीत सिंह को गोली मार दी। गोली आंख के नीचे जबड़े पर लगने से शिक्षक गुरप्रीत सिंह घायल हो गया। आरोपितों ने उसे घसीटकर कार से बाहर निकाला और कार लेकर फरार हो गए। राह जाते लोगों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया व पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पट्टी से सब डिवीजन डीएसपी कमलप्रीत सिंह मंड, थाना हरिके पतन के प्रभारी जरनैल सिंह सरां, सब इंस्पेक्टर प्रकाश सिंह पहुंचे और इलाके की नाकाबंदी कर दी, परंतु आरोपितों का कोई पता नहीं चल पाया। रात साढे सात बजे गुरप्रीत सिंह को अमृतसर के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एसएसपी ध्रुव दहिया ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना को अंजाम देने वाले आरोपितों की पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है।