यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बॉर्डर पर BSF को मिली बड़ी कामयाबी, दो तस्कर गिरफ्तार; ड्रोन-पिस्टल सहित कई हथियार बरामद
तरनतारन में बीएसएफ को बड़ी सफलता मिली। सीमा पर छह ड्रोन एक विदेशी पिस्टल हेरोइन और दो मोबाइल जब्त किए ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, तरनतारन। सोमवार की रात को सीमा पर तैनात बीएसएफ के हाथ बड़ी कामयाबी लगी। पाक द्वारा भेजे छह ड्रोन, एक विदेशी पिस्टल, एक किलो 73 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइलों के अलावा एक बाइक पर सवार दो तस्करों को दबोच लिया गया। मंगलवार को उन्हें अदालत समक्ष पेश कर रिमांड पर लिया गया। भिखीविंड निवासी दोनों तस्करों के संबंध पाक बैठे आईएसआई के एजेंटों से हो सकते हैं। फिलहाल जांच जारी है।
BSF ने दोनों तस्करों को दबोचा
बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि पाक की तरफ से रात होते ही लगातार ड्रोन के माध्यम से असलहा व मादक पदार्थों की खेप भेजी जाती हैं। बीएसएफ को खुफिया रिपोर्ट मिली कि थाना खालड़ा के गांव डल के क्षेत्र में दो तस्कर नशे व अस्लहे की खेप लेकर ठिकाने लगाने की फिराक में हैं। बीएसएफ द्वारा बढ़ाई चौकसी दौरान बाइक (पीबी 02 बीएच 5251) पर सवार दोनों तस्करों को दबोच लिया गया।
आरोपितों के साथ हथियार बरामद
जिनकी बाद में पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ निक्का पुत्र भुपिंदर सिंह, हरमनप्रीत सिंह उर्फ हरमन पुत्र सुखचैन सिंह निवासी भिखीविंड (जिला तरनतारन) के तौर पर हुई। उनके कब्जे से 30 बोर का एक पिस्टल, दो कारतूस, दो मोबाइल बरामद किए गए।
इसी तरह गांव रोड़ांवाला खुर्द, दाउके कलां, भैणी राजपूतां, दाउके की हदबंदी से छह ड्रोन, एक किलो 73 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। एसएसपी दीपक पारिक ने बताया कि दोनों तस्करों के खिलाफ थाना खालड़ा में केस दर्ज करके अदालत समक्ष पेश किया गया। पुलिस रिमांड लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
