विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तरनतारन में पूर्व सरपंच के घर पर बदमाशों ने चलाई गोलियां, 5 करोड़ की मांगी रंगदारी, CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

Published: Sat, 17 Oct 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

तरनतारन में रंगदारी के लिए दो अलग-अलग जगहों पर गोलीबारी की गई, जिसमें एक पूर्व सरपंच और एक कारोबारी के घर को निशाना बनाया गया।

तरनतारन में पूर्व सरपंच के घर पर बदमाशों ने चलाई गोलियां। फोटो जागरण

तरनतारन में पूर्व सरपंच के घर पर बदमाशों ने चलाई गोलियां। फोटो जागरण

HighLights

  1. तरनतारन में रंगदारी के लिए दो घरों पर गोलीबारी की घटनाएं।

  2. पूर्व सरपंच और इमीग्रेशन कारोबारी को बनाया गया निशाना।

  3. पुलिस ने जांच शुरू की, जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन।

जागरण संवाददाता, तरनतारन। रंगदारी के लिए वीरवार रात को विदेश बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर बदमाशों द्वारा दो जगहों पर गोलीबारी की गई। उक्त घटनाओं को लेकर परिवारों ने पुलिस को फौरी सूचना दी, लेकिन शुक्रवार को टीमें घटनास्थल का पहुंचीं। हालांकि एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने दोनों मामलों में थाना प्रभारी को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

गांव खक्ख के पूर्व कांग्रेस सरपंच गुरमेज सिंह डीसी की उपजाऊ जमीन अधिग्रहण हुई थी। कई दिन से पूर्व सरपंच को पांच करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए धमकाया जा रहा था। गैंग्सटर प्रभ दासूवाल की ओर से परिवार का जानी नुकसान करने की धमकियां देने बारे पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

पूर्व सरपंच ने भी की फायरिंग

वीरवार रात 10 बजे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पूर्व सरपंच के घर पर तीन गोलियां दागीं। गोलियों की आवाज सुनते ही परिवार ने बाहर निकलकर लाइटें जगाईं, तब तक बदमाश भाग चुके थे। पूर्व सरपंच गुरमेज सिंह डीसी ने चेतावनी के तौर पर अपने लाइसेंसी असलहे से हवाई फायर किए।

इसी तरह गोइंदवाल साहिब निवासी राजविंदर सिंह के घर पर रात साढ़े 10 बजे बाइक सवारों ने गोलियां दागीं। इमीग्रेशन के कारोबारी राजविंदर सिंह ने बताया कि 10 दिन पूर्व भी बाइक सवारों ने दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलाई थीं। राजविंदर को कई दिन से विदेशी नंबरों से वाट्सएप काल करके रंगदारी के लिए धमकाया जा रहा है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

परिवार का आरोप है कि गोलीबारी की घटना बाबत सूचना देने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंची। एसएसपी सुरेंद्र लांबा का कहना है कि सब डिविजन गोइंदवाल साहिब डीएसपी हरिंदर सिंह को दोनों मामलों की जांच सौंपी गई है। बदमाशों को जल्द दबोच लिया जाएगा। पड़ताल के बीच सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी हाथ लगी है।