कृषि विधेयक के खिलाफ प्रत्येक गांव में धरने आज : अग्निहोत्री
कृषि विधेयक के खिलाफ पंजाब कांग्रेस किसानों का समर्थन कर रही है।
जासं, तरनतारन : कृषि विधेयक के खिलाफ पंजाब कांग्रेस किसानों का समर्थन कर रही है। भले ही केंद्र सरकार ने लोकसभा के बाद राज्य सभा में विधेयक पास करवा लिए हैं, पर इसके बावजूद किसानों का संघर्ष रुकने वाला नहीं। इस संघर्ष में कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ डटकर खड़ी है। 21 सितंबर को प्रत्येक गांव में केंद्र सरकार के खिलाफ धरने दिए जाएंगे। विधायक डॉ. धर्मबीर अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान और पंजाब मारू नीति के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। 21 सितंबर को सुबह दस बजे से 11 बजे तक प्रत्येक गांव में कांग्रेस पार्टी के झंडे पकड़कर रोष धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोष धरने की वीडियो और फोटो फेसबुक पर अपलोड करने की जिम्मेदारी पंचायतों को दी गई है। कोरोना महामारी के चलते प्रत्येक गांव में रोष धरना देने का फैसला किया गया है, जिसको पूरी तरह से सफल बनाया जाएगा। इस मौके डॉ. संदीप अग्निहोत्री, कश्मीर सिंह सिद्धू, कुलवंत सिंह शेरों, अवतार सिंह तनेजा, मंजीत सिंह ढिल्लों, परमवीर सिंह तरनतारनी, सोनू दोदे, रितिक अरोड़ा, मनोज अग्निहोत्री मौजूद थे।