भाइयों की सियासी रंजिश में पिस गए माता-पिता, बेटे ने घर में कर दिया कैद, कोर्ट ने कराया मुक्त
दो भाइयों में सियासी रंजिश इस कदर पहुंच गई कि एक भाई ने माता-पिता को ही घर में कैद कर दिया। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद उन्हें छुड़ाया गया।
तरनतारन [धर्मबीर सिंह मल्हार]। दो भाइयों की सियासी लड़ाई का खमियाजा बुजुर्ग मां-बाप ने 14 दिन घर में कैद हो भुगता। पिता ने कांग्रेस समर्थक बेटे को बेदखल किया तो उसने अपने शिअद समर्थक भाई को झूठे केस में जेल भिजवा दिया। फिर घर पर कब्जा कर बुजुर्ग मां-बाप को अंदर ही बंद कर दिया। मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। हालांकि इस दौरान वह रोजाना उन्हें खाना देता रहा। 15 दिन बाद शिअद समर्थक भाई जेल से छूटा तो उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर 14 दिन बाद नायब तहसीलदार ने बुजुर्ग दंपती को मुक्त करवाया।
विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव कोट जसपत खां (तेजा सिंह वाला) निवासी बुजुर्ग जगतार सिंह के दो बेटे और एक बेटी है। एक बेटा सुखदेव सिंह शिअद समर्थक है। दूसरा बेटा बलदेव सिंह कांग्रेस से जुड़ा हुआ है। दोनों में राजनीतिक रंजिश चली आ रही है।सुखदेव ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके पिता जगतार सिंह ने कांग्रेस समर्थक भाई बलदेव सिंह को बेदखल कर दिया था। इससे गुस्साए बलदेव ने एक माह पहले राजनीतिक पहुंच से उसके परिवार के खिलाफ थाना सदर में झूठा मामला दर्ज करवा दिया।
15 दिन पहले जांच में शामिल होने लिए वह अपनी पत्नी और नाबालिग बेटे के साथ थाना सदर पहुंचा तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जेल से वह बाहर आया तो पता चला कि बलदेव ने मकान पर कब्जा कर पिता जगतार सिंह और मां रंजीत कौर को भी घर में ही कैद कर रखा है। इसके बाद उसने माता-पिता की रिहाई के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। जज अमनदीप कौर के आदेश पर एसडीएम सुरिंदर सिंह ने वीरवार को नायब तहसीलदार-कम-इलाका मजिस्ट्रेट अजय कुमार थाना सदर की पुलिस के साथ छापामारी कर बुजुर्ग दंपती को मुक्त करवाया। थाना सदर के प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि बुजुर्ग दंपती को थाने लाकर उनके बयान दर्ज कर लिए गए है। रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी। दंपती की इच्छा के मुताबिक ही उन्हें सुखदेव सिंह के साथ घर भेजा गया है।
सुखदेव के सभी आरोप झूठे : बलदेव
कांग्रेस समर्थक बलदेव सिंह ने दावा किया है कि उस पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। भाई सुखदेव सिंह सभी को गुमराह कर रहा है। उन्होंने मकान पर कोई कब्जा नहीं किया। न ही मां-बाप को बंधक बनाया।
सुखदेव ने लगाए आरोप, थाना प्रभारी ने नकारे
सुखदेव सिंह ने एसएसपी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि थाना सदर प्रभारी ने राजनीतिक दबाव में उस पर व उसके परिवार के खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया है। कांग्रेस समर्थक भाई से जान को खतरा है। उधर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने सभी आरोप को झूठा बताया। कहा कि सुखदेव और उसके परिवार के खिलाफ दर्ज मामले के अनुसार ही कार्रवाई की थी। कोई राजनीतिक दबाव नहीं था।
जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई : दहिया
एसएसपी ध्रुव दहिया ने कहा कि सुखदेव सिंह ने शिकायत दी है। इसकी जांच करवाई जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी के साथ कोई धक्केशाही नहीं होने दी जाएगी। जांच में अगर थाना प्रभारी की कोई मिलीभगत पाई गई, तो ठोस कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें