यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 28, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab News: नशा तस्कर को पकड़ने गई पुलिस पार्टी पर हमला, लोगों ने फेंके पत्थर और चलाई गोली, एएसआई घायल
तरनतारन में नशा तस्कर को पकड़ने गई पुलिस पार्टी पर हमला हुआ। आरोपित के परिवार के सदस्यों ने पुलिस पर ...और पढ़ें

HighLights
- नशा तस्कर के घर में पुलिस की छापामारी।
- पुलिस जैसे ही रवाना हुई, उग्र हुए लोग।
- लोगों ने फेंके ईंट और पत्थर, चलाईं गोलियां।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन। नशे के खिलाफ एक्शन मूड में आई जिला पुलिस द्वारा शुक्रवार की सुबह चार बजे नशा तस्कर जोबनप्रीत सिंह उर्फ ज्ञानी के घर में छापामारी की। मौके पर आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस पार्टी जब रवाना होने लगी तो परिवार ने पुलिस पार्टी पर पथराव किया। हालांकि, एक आरोपित द्वारा पुलिस पार्टी पर गोलियां चलाई गईं। ईंट-पत्थर लगने से एएसआई सुरजीत सिंह घायल हो गए। जबकि एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
विधान सभा हलका खडूर साहिब के गांव कल्ला निवासी नशा तस्कर जोबनप्रीत सिंह उर्फ ज्ञानी के खिलाफ थाना श्री गोइंदवाल साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज था। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रभजोत सिंह गिल, पुलिस चौकी फतेहबाद प्रभारी एएसआई गुरपाल सिंह, एएसआई सुरजीत सिंह व पुलिस पार्टी ने आरोपित ज्ञानी को शुक्रवार की सुबह चार बजे घर में छापामारी कर काबू कर लिया।
कार (पीबी 46 एएच 8849) पर सवार होकर पुलिस पार्टी जब आरोपित ज्ञानी को लेकर रवाना हुई तो पारिवारिक सदस्यों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। नशा तस्कर के स्वजनों ने पुलिस पार्टी पर गोलियां भी चलाईं।
इलाज के लिए अस्पताल में कराया भर्ती
पत्थर लगने से एएसआई सुरजीत सिंह घायल हो गए। जबकि कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। एसएसपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी अतुल सोनी मौके पर पहुंचे। पुलिस हिरासत से छुड़वाए आरोपित ज्ञानी को दोबारा काबू कर लिया गया।
घायल एएसआई सुरजीत सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया है। एसएसपी राणा ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ जिला पुलिस का बड़ा अभियान चल रहा है।
आरोपित ज्ञानी व उसके परिवार के सात सदस्यों के खिलाफ इरादतन हत्या व असलहा एक्ट के तहत थाना गोइंदवाल साहिब में केस दर्ज कर लिया गया है। नशा तस्कर ज्ञानी को शनिवार को अदालत समक्ष पेश किया जाएगा।
ग्रामीणों को किया जागरूक
एसएसपी राणा ने बताया कि नशा तस्कर के परिवार द्वारा किए हमले के बावजूद पुलिस के हौसले बुलंद हैं। डीएसपी अतुल सोनी ने गांव कल्ला के लोगों को एक जगह एकतित्र करके नशे के बुरे प्रभाव बाबत जागरूक किया। नशा तस्कर ज्ञानी के साथ जुड़े अन्य आरोपितों का पता लगाने के लिए ग्रामीणों ने पुलिस को सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
