बर्थडे केक काटने की तैयारी कर रहे परिवार ने जलाई बेटे की चिता
। गांव घड़का के किसान बलकार सिंह के घर में तीन दिन से बर्थडे केक काटने की तैयारी की जा रही थी।
जागरण संवाददाता, चोहला साहिब : गांव घड़का के किसान बलकार सिंह के घर में तीन दिन से बर्थडे केक काटने की तैयारी की जा रही थी। उनके 17 वर्षीय बेटे जुगराज सिंह का मंगलवार को जन्मदिन था। परंतु परिवार को क्या पता था कि केक की जगह बेटे की चिता को आग देनी पड़ेगी।
विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव घड़का निवासी किसान बलकार सिंह के तीन लड़के है। सबसे बड़ा लड़का जुगराज सिंह सेना में भर्ती होने के लिए चार माह से तैयारी कर रहा था। वह रोज शाम को गांव की सड़क पर दौड़ लगाता। सोमवार की शाम जुगराज सिंह ने जन्मदिन के लिए दोस्तों को न्यौता दिया था। बकायदा बेकरी पर जाकर फौजी नाम का केक तैयार करने का ऑर्डर भी दिया। ताकि 28 जुलाई को अपना 18वां जन्मदिन मना सके। केक का ऑर्डर देने के बाद वह सड़क पर दौड़ लगा रहा था कि पीछे से आए दो युवकों ने उसका मोबाइल झपट लिया।
मोबाइल झपटने वाले युवक को जुगराज ने पहचानकर रुकने की चेतावनी दी। आरोपित ने अपने हाथ में पकड़ी किरच जुगराज के गले में घोंप दी। उसकी मौके पर मौत हो गई। रात भर पिता बलकार सिंह, मां जसबीर कौर, दो छोटे भाई जोबनप्रीत सिंह व आकाशदीप सिंह उसे ढूंढते रहे। परंतु कुछ पता नहीं चला। सुबह दस बजे राहगीरों ने धान के खेत में शव देखा तो सूचना दी।
चोहला साहिब प्रभारी सोनमदीप कौर की अगुआई में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पिता बलकार सिंह ने अपने बेटे के शव की पहचान की। बलकार सिंह के बयानों पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। अंतिम संस्कार में दिलासा देने वाले भी नहीं रोक पाए आंसू
जुगराज सिंह का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। पिता बलकार सिंह व मां जसबीर कौर का रो-रोकर बुरा हाल था। उनको दिलासा देने वाले भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। भाई जोबनप्रीत सिंह व आकाशदीप सिंह ने बताया कि बड़े भाई का 18वां जन्मदिन मनाने के लिए कई दोस्तों को न्यौता दिया था। जन्मदिन का केक तो नहीं कटा, परंतु सभी दोस्तों ने चिता पर आंसू जरूर बहाए। परिवार ने आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। एसपी (आइ) जगजीत सिंह वालिया ने बताया कि आरोपितों का जल्द पता लाकर उन्हें काबू किया जाएगा।