खूबसूरती के दम पर एेसे फंसाती थी ये मां-बेटी की जोड़ी, फंस गई जाल में
ये मां-बेटी की जोड़ी बड़ी शातिर निकली। दोनों अपनी खूबसूरती के दम पर लोगों को ब्लैकमेल करने का काम करते थे। लेकिन इस पर बार वह जाल में फंस गईं।
जेएनएन, तरनतारन। ये मां-बेटी की जोड़ी बड़ी शातिर निकली। दोनों अपनी खूबसूरती के दम पर लोगों को ब्लैकमेल करने का काम करते थे। लेकिन, इस पर बार वह जाल में फंस गईं। पुलिस मामले में गिरफ्तार महिला व उसके पुरुष साथी से पूछताछ करने में जुटी है।
आरोप है कि मोहल्ला जसवंत सिंह वाला निवासी एक महिला अपने घर में ब्यूटीपार्लर चलाने के नाम पर देह व्यापार का अड्डा चलाती थी। उक्त महिला ने एक लड़की गोद ली गुई है। लड़की चंडीगढ़ में पढ़ती है। महिला ने श्री मुक्तसर साहिब जिले के गांव चोटिया निवासी एक व्यक्ति को अपने घर में पनाह दे रखी है। इसी दौरान चंडीगढ़ से आई उसकी बेटी ने पट्टी शहर के केमिस्ट राजन कुमार को मोबाइल पर वाट्सएप कॉल करके जान पहचान बढ़ानी शुरू कर दी। फिर राजन कुमार को लड़की ने अड्डा शेखचक्क के पास बुलाया।
राजन कुमार युवती के झांसे में आकर वहां पहुंच गया। युवती ने कहा कि उसे घर छोड़ आए। युवती को घर छोड़ने राजन कुमार जब गया तो पानी पीने के बहाने कमरे में बुला लिया। युवती ने राजन कुमार को कहा कि उसके कंधे पर लगी सेफ्टी पिन उतारने में मदद करे। राजन कुमार को संदेह हुआ तो वह भाग गया।
फिर राजन कुमार को युवती की मां ने फोन करके कहा कि उसको लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा। केमिस्ट राजन कुमार से उन्होंने तीन लाख की राशि मांगी। जान बचाने लिए राजन कुमार ने अपने दोस्त से 50 हजार रुपये मौके पर मंगवाए और उनको दे दिए।
बाकी ढाई लाख की राशि लेने के लिए उन्होंने राजन कुमार को फोन पर तंग करना शुरू कर दिया। राजन कुमार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। महिला अपने पुरुष मित्र के साथ एक्टिवा से ढाई लाख की राशि लेने गत दिवस पहुंच गई। इसी दौरान नारकोटिक्स सेल ने दोनों को मौके पर काबू कर लिया।