डा. ओबराय की नियुक्ति पर विधायक अग्निहोत्री, गिल ने दी बधाई
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सरबत दा भला चेरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिग ट्रस्टी डा. एसपी सिंह ओबराय को हेल्थ एंड स्किल डवलपमेंट के सलाहकार नियुक्त किया है।
जासं, तरनतारन : मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सरबत दा भला चेरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिग ट्रस्टी डा. एसपी सिंह ओबराय को हेल्थ एंड स्किल डवलपमेंट के सलाहकार नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर विधायक डा. धर्मबीर अग्निहोत्री, हरमिदर सिंह गिल, सुखपाल सिंह भुल्लर, रमनजीत सिंह सिक्की ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते डा. ओबराय को बधाई दी है।
डा. धर्मबीर अग्निहोत्री ने कहा कि सरबत दा भला चेरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से दुनिया भर में बसे पंजाबियों की निष्काम सेवा करने वाले डा. ओबराय अब राज्य में सेहत सेवाओं को बेहतर बनाने व युवाओं को स्वरोजगार के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि डा. ओबराय द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के संबंध में 50 लैब खोलने का लक्ष्य रखा गया था। इसी कड़ी तहत पट्टी व तरनतारन में लोगों को लैब की अच्छी सुविधाएं मिल रही है। इस मौके पर हरमिदर सिंह गिल ने कहा कि पंजाब भर में 50 मेडिकल स्टोर खोलकर सस्ते दाम पर लोगों को दवाइयां वितरण करवाने का लक्ष्य भी जल्द पूरा होगा। इस मौके पर ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह प्रिस धुन्ना, इंद्रप्रीत सिंह धामी, धर्मबीर सिंह मल्हार, गुरप्रीत सिंह पनगोटा ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंद परिवारों की लड़कियों का आनंद कार्य करवाकर घरेलू प्रयोग लिए सामान मुहैया करवाने का लक्ष्य पूरा किया जा रहा है।