तरनतारन में लेनदेन विवाद में नशे में धुत ASI ने घर में घुसकर चलाई गोली, वीडियो वायरल के बाद SSP ने दिए कार्रवाई के आदेश
एएसआइ विकुल चोपड़ा ने तरनतारन में राम प्रताप के घर में घुसकर सर्विस पिस्टल से गोली चलाई, जिससे राम प्रताप बाल-बाल बचे। मामला लेनदेन विवाद का था।
-1794578403827_m.webp)
नशे में धुत ASI ने घर में घुसकर चलाई गोली। वीडियो से ली गई फोटो
HighLights
एएसआइ विकुल चोपड़ा ने राम प्रताप के घर में गोली चलाई।
लेनदेन विवाद के चलते एएसआइ ने सर्विस पिस्टल का उपयोग किया।
वायरल वीडियो के बाद एसएसपी ने जांच और केस दर्ज करने के आदेश दिए।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन। पंजाब पुलिस के एएसआइ विकुल चोपड़ा ने श्री चंद्र कालोनी निवासी राम प्रताप के घर में दाखिल होकर बहसबाजी करते सर्विस पिस्टल से गोली चलाई। बड़ी मुश्किल से राम प्रताप की जान बची। जिसने एएसआइ की करतूत को मोबाइल में वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। हालांकि स्थानीय पुलिस द्वारा मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया गया।
तरनतारन निवासी एएसआइ विकुल चोपड़ा का राम प्रताप के साथ कोई लेनदेन चला आ रहा था। जिसके चलते एएसआइ के कार के दस्तावेज राम प्रताप ने अपने कब्जे में ले लिए। दस्तावेज मांगने पर जब राम प्रताप ने लेनदेन का हिसाब मांगा तो उक्त एएसआइ ने सर्विस पिस्टल निकाल लिया। उसने पहले कहा कि बच जाओ, यह लोड है। फिर अगले ही पल ट्रिगर दबाकर गोली चला दी। जो कमरे की दीवार पर लगी।
पीड़िता ने थाना सिटी में दी लिखित शिकायत
राम प्रताप बड़ी मुश्किल से जान बचाने में कामयाब रहा। हालांकि, उसने एएसआइ की करतूस की मोबाइल पर वीडियो बनाई। जिसे बाद में वायरल कर दिया गया। उधर एएसआइ को बचाने लिए थाना सिटी में तैनात एक अधिकारी द्वारा राम प्रताप के घर कुछ लोग भेजकर दबाव बनाया गया कि बिना शर्त राजीनामा करें, वर्ना एनडीपीएस एक्ट तहत जेल यात्रा होगी।
थाना सिटी में पीड़ित परिवार द्वारा लिखित शिकायत दे दी गई। इस दौरान वायरल वीडियो एसएसपी सुरेंद्र लांबा तक पहुंची। उन्होंने मामले की पड़ताल करके आरोपित खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं। लांबा ने कहा कि कानून हाथ में लेने की किसी को इजाजत नहीं। हालांकि एएसआइ विकुल चोपड़ा ने खुद को बेकसूर करार देते कहा कि मुझे बिना किसी वजह उलझाया जा रहा है।