तरनतारन में वार्षिक जागरण की तैयारी कर रहे सभा के सदस्यों पर गोलीबारी, एक की मौत और तीन घायल
तरनतारन में भगवती जागरण की तैयारी कर रहे युवाओं पर करीब 10 हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

तरनतारन में जागरण की तैयारी के दौरान गोलीबारी एक युवक की मौत तीन घायल।
HighLights
जागरण की तैयारी के दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत
हमले में तीन अन्य युवा गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन। मोहल्ला गुरु का खूह स्थित पुलिस चौकी टाउन समीप 26वें विशाल भगवती जागरण से पहले लंगर लगाने की तैयारी कर रहे युवाओं पर करीब 10 हमलावरों ने पिस्टलों से गोलीबारी की। इस गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर घायल हैं।
इस गोलीकांड के खिलाफ पीड़ितों के परिवारों ने विरोध स्वरुप सिविल अस्पताल के सामने मृतक युवक का शव रखकर पुलिस प्रशासन खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घटना के सवा घंटे बाद मौके पर पुलिस पहुंची।
पीड़ितों परिवारों के बयान दर्ज करके पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरु कर दी। गोलीकांड में मरने वाले युवक के परिवार ने पोस्टमार्टम करवाने से मना करते कहा कि लंबे समय से मिल रही धमकियों के चलते चौकी इंचार्ज को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
शनिवार को घटना करीब दो बजे घटी। मां नैना देवी सेवक सभा की ओर से हर वर्ष की तरह शनिवार की रात को विशाल भगवती जागरण करवाया जाना था। सेवक सभा से संबंधित युवाओं द्वारा जागरण मौके लंगर लगाने की तैयारी की जा रही थी।
सभा के सदस्य लंगर की रस्द लेकर महाराजा रंजीत सिंह पब्लिक स्कूल के पास अभी एकत्रित हुए थे कि इसी मोहल्ले से संबंधित गैंगस्टर मोहित कुमार अपने साथियों हरप्रीत सिंह हैपी, लवप्रीत सिंह, विशाल गिल, रघु कुमार, विनय कुमार व अज्ञात समेत करीब दो बजे मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वहां पहुंचे। इनमें से करीब चार युवाओं ने पिस्टलों से गोलीबारी शुरु कर दी।
मौके पर सुखराज सिंह (19) पुत्र जैमल सिंह की पेट में गोली लगने से मौत हो गई। जबकि रकेश कुमार काका पुत्र मुखत्यार सिंह, ऋषि कुमार पुत्र तरसेम सिंह, बोबी कुमार पुत्र धीरा सिंह (सभी निवासी मोहल्ला गुरु का खूह) गोलियां लगने से घायल हो गए। रकेश कुमार काका को गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जबकि बाकी दोनों घायलों को सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती करवाया गया।
घटना के सवा घंटे बाद डीएसपी सुखबीर सिंह, थाना सिटी प्रभारी परमजीत सिंह विरदी, पुलिस चौकी टाउन के प्रभारी गुरप्रीत सिंह वहां पहुंचे। इससे पहले गोलीबारी में मरने वाले व तीनों घायल युवाओं के स्वजनों ने विरोध स्वरुप अस्पताल की एमरजेंसी वार्ड में हंगामा करते पुलिस खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पोस्टमार्टम न करवाने की जिद के चलते मृतक युवक का शव सिटरेचर पर डाल अस्पताल के सामने मुख्य सड़क पर रखकर दोनों तरफ से यातायात बंद कर दिया।
परिवार का आरोप था कि पुलिस चौकी प्रभारी को कई बार लिखित शिकायत दी गई कि गैंगस्टरों द्वारा धमकाया जा रहा है, लेकिन लिखित शिकायतों की परवाह नहीं की गई। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि प्रथम जांच में मामला निजी रंजिश का लगता है, फिर भी विभिन्न पहलूओं पर पड़ताल शुरु कर दी गई है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी लिए छापामारी जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।