एक माह बाद भी कौंसिल और पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी खाली
14 फरवरी को स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान हुआ और 17 फरवरी को नतीजे घोषित हुए। जीत-हार का सारा फैसला होने के बाद प्रधान की जिम्मेदारी कौन संभालेगा यह भी तय कर दिया गया।
जासं, तरनतारन : 14 फरवरी को स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान हुआ और 17 फरवरी को नतीजे घोषित हुए। जीत-हार का सारा फैसला होने के बाद प्रधान की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, यह भी तय कर दिया गया। इसके बावजूद प्रधान की कुर्सियां अभी खाली ही हैं। पहले विधानसभा सत्र के चलते अध्यक्ष चुनने के लिए कारगुजारी ढीली रही। अब तो सेशन भी खत्म हो चुका है और प्रधानगी के लिए नोटिफिकेशन कब होगा, यह कुछ पता नहीं। पट्टंी से अकेले सेखों हैं दावेदार
नगर कौंसिल पट्टी कुल 19 वार्डो में से 15 पर कांग्रेस पार्टी ने चुनाव जीता था। इनमें से आठ पुरुष व सात महिलाएं हैं। यहां से शिरोमणि अकाली दल दो सीटों पर (एक पुरुष-एक महिला) काबिज रहा जबकि आम आदमी पार्टी के खाते में दो सीटें आई थीं। इनमें से एक पर पुरुष व एक पर महिला पार्षद जीती। कांग्रेस विधायक हरमिंदर सिंह गिल ने नगर कौंसिल पट्टी के चुनाव के लिए टिकटें वितरण करते ही दलबीर सिंह सेखों को नगर कौंसिल पट्टी की प्रधानगी का दावेदार घोषित किया था। वार्ड आठ से दलबीर सिंह सेखों बिना मुकाबला चुनाव जीत गए। बाद में बैठक में तय हो गया कि सेखों ही अध्यक्ष होंगे। भिखीविंड में बब्बू और डलीरी में फंसा पेच
नगर पंचायत भिखीविंड के कुल 13 वार्डो के नतीजे कांग्रेस के पक्ष में रहे। यहां से कांग्रेस 11 सीटें जीती। शिरोमणि अकाली दल के हिस्से दो सीटें आई। यहां की प्रधानगी के लिए वार्ड चार से रजिंदर बब्बू मजबूत दावेदार हैं। वहीं वार्ड 12 से सकत्तर सिंह डलीरी भी पहली बार पार्षद बने हैं जो प्रधानगी के लिए उसी दिन से जोड़तोड़ कर रहे हैं। खेमकरण के विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर की गुडबुक में रजिंदर बब्बू का नाम शामिल है। वहीं अपने चाचा सकत्तर सिंह डलीरी को प्रधानगी दिलाने के लिए सितारा सिंह डलीरी भी लगे हुए हैं। हलका विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर अगले सप्ताह विदेश जाने वाले हैं, जिसके चलते प्रधानगी का मामला फिर ठंड बस्ते में पड़ सकता है। जल्द नियुक्ति होने की उम्मीद: पलासौर
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव मनिंदरपाल सिंह पलासौर कहते हैं कि नगर कौंसिलों व नगर पंचायतों के अध्यक्ष बनाने के लिए संबंधित विधायकों ने फैसला लेना है। इस बाबत पार्टी हाईकमान द्वारा बकायदा हरी झंडी दी जानी है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में नगर कौंसिल पट्टी व नगर पंचायत भिखीविंड की प्रधानगी के अलावा अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति हो जाएगी।