डिपो पर गेहूं बांट रहे अकाली को कांग्रेस समर्थक ने मारी गोली
भिखीविंड गांव बैंका में गेहूं बांट रहे शिरोमणि अकाली दल के समर्थक पर कांग्रेस पार्टी के समर्थक ने छह साथियों के साथ मिलकर गोलियां चला दीं।
संवाद सूत्र, भिखीविंड : गांव बैंका में गेहूं बांट रहे शिरोमणि अकाली दल के समर्थक पर कांग्रेस पार्टी के समर्थक ने छह साथियों के साथ मिलकर गोलियां चला दीं। घटना में घायल हुए गुरबीर सिंह को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है।
खेमकरण के गांव बैंका निवासी गुरबीर सिंह की पत्नी के नाम पर डिपो है। गुरबीर सिंह शिरोमणि अकाली दल का समर्थक चला आ रहा है। मंगलवार को सरकारी योजना के तहत जारी हुआ गेहूं गुरबीर अपने पिता गुरमेज सिंह (पूर्व सरपंच) के साथ बांट रहा था। इतने में वहां पर कांग्रेस पार्टी का समर्थक करणबीर सिंह हथियारों से लैस होकर छह साथियों समेत पहुंच गया। आरोपितों ने जबरन गेहूं ले जाना चाहा। गुरबीर सिंह के मना करने पर आरोपितो ने राइफल से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। एक गोली लगने से गुरबीर सिंह घायल हो गया। बचाव के लिए जब उसका पिता गुरमेज सिंह आगे बढ़ा तो उससे भी मारपीट की गई। आरोपित जाते हुए गुरबीर सिंह की कार भी तोड़ गए। उधर, डीएसपी सुलखण सिंह मान का कहना है कि मामले की जांच के लिए ड्यूटी अफसर पन्ना लाल को मौके पर
भेजा गया है।
विधायक का करीबी है आरोपित : वल्टोहा
खेमकरण के पूर्व विधायक प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा का कहना है कि सत्ता के नशे में कांग्रेस द्वारा गुंडागर्दी की जा रही है। गुरबीर सिंह पर हमला करने वाले कांग्रेस विधायक का करीबी है। बदनाम करने का प्रयास : भुल्लर
विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर ने कहा कि कांग्रेस को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। गांव बैंका में गेहूं बांटने के मौके जो विवाद हुआ है उसे बिना वजह कांग्रेस से जोड़ा जा रहा है।