विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के तरनतारन में दिनदहाड़े ASI की गोली मारकर हत्या, विदेश में बैठे गैंगस्टरों ने ली जिम्मेदारी

Published: Sun, 11 Oct 2026 10:21 PM (IST)

तरनतारन के नौशहरा पन्नुआं में रविवार शाम एएसआई इकबाल सिंह की बाइक सवार शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

तरनतारन में सैर कर रहे एएसआई की गोलियां मारकर हत्या।

तरनतारन में सैर कर रहे एएसआई की गोलियां मारकर हत्या।

HighLights

  1. तरनतारन में एएसआई इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या

  2. सरहाली आरपीजी हमले के साजिशकर्ता के ताया थे

  3. विदेश बैठे गैंगस्टरों ने ली हत्या की जिम्मेदारी

जागरण संवादददता, तरनतारन। पंजाब में पुलिस कर्मियों पर हमले थम नहीं रहे हैं। रविवार देर शाम तरनतारन के गांव नौशहरा पन्नुआं में एएसआई इकबाल सिंह की बाइक सवार शूटरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी।

वह दिसंबर, 2022 थाना सरहाली पर हुए आरपीजी हमले के मुख्य साजिशकर्ता अजमीत सिंह के ताया थे। इकबाल घर से कुछ दूर स्थित पटवारखाने के पास सैर कर रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें करीब से गोलियां मारीं और फरार हो गए।

इसके बाद उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इकबाल फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात थे। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

अजमीत की बुआ जसकरनजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनके चार भाइयों में मेजर सिंह और जसबीर सिंह की मौत हो चुकी है। दो भाई जगदीप और इकबाल सिंह एएसआई हैं। पुलिस के अनुसार थाना सरहाली पर हमला नौशहरा पन्नुआं निवासी अजमीत विदेश बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह हरीके, सतबीर सिंह सत्ता नौशहरा और जैसल चंबल ने करवाया था।

इसी साल 13 अगस्त को जमानत पर रिहा हुए अजमीत की 11 सितंबर की रात नौशहरा पन्नुआं में बाइक सवार शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसकी जिम्मेदारी विदेश बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह हरीके, सतबीर सिंह सत्ता नौशहरा और जैसल चंबल ने ली थी।

सूत्रों के मुताबिक, एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के पीछे भी इसी गिरोह का हाथ होने की आशंका है। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी विदेश बैठे गैंगस्टर डोनी बल, प्रभजीत दासूवाल, मेहर रंधावा, अफरीदी तूत और अमर खब्बे ने ली है।

बता दें कि इस साल एएसआई सुखचैन सिंह, जोगा सिंह, जसवंत सिंह और हरजीत सिंह को गोली मार कर निशाना बनाया जा चुका है। जसवंत सिंह गोली लगने से घायल हो गए थे।