विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम मान से मिलने पर अड़े बेरोजगार, झड़प में एक बेहोश; टंकी पर शाम तक चढ़ा रहा नौजवान

Published: Sat, 03 Oct 2026 07:19 AM (IST)

संगरूर में रोजगार की मांग को लेकर सैकड़ों बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास के बाहर प्रदर्शन किया, जिसमें पुलिस से झड़प हुई और एक युवक बेहोश हो गया।

बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास पर किया प्रदर्शन।

बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास पर किया प्रदर्शन।

HighLights

  1. बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के संगरूर आवास पर प्रदर्शन किया

  2. पुलिस से झड़प में एक बेरोजगार युवक बेहोश हो गया

  3. एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, 6 अक्टूबर को बैठक का आश्वासन मिला

जागरण संवाददाता, संगरूर। रोजगार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान की संगरूर कोठी के समक्ष बेरोजगार सांझा मोर्चा के नेतृत्व में सैंकड़ों बेरोजगारों ने सरकार क खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।

वेरका मिल्क प्लांट से बेरोजगार रोष मार्च करते हुए सीएम आवास तक पहुंचे, जहां पुलिस ने बैरिकेट व वाटर कैनन तैनात कर बेरोजगारों को आगे बढ़नेसे रोक लिया। यहां पुलिस व बेरोजगारों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई, जिसमें एक बेरोजगार नौजवान बेहोश हो गया, जिसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाता गया।

पानी की टंकी पर जा चढ़ा नौजवान

बेरोजगार मुख्यमंत्री से बैठक दिलाने की मांग पर अड़े रहे। दो घंटे यहां धरना लगाने के बाद भी जब प्रशासन ने मख्यमंत्री से बैठक का समय तय नहीं करवाया तो एक बेरोजगार फाजिल्खा निवासी मुनीश सीएम आवास से दो किलोमीटर दूर गांव खुराणा की पानी की टंकी पर जा चढ़ा, जिसके बाद प्रशासन के हाथ पैर फूल गए। बेरोजगारों ने अपना धरना टंकी के पास शुरू कर दिया।

बेरोजगार साझा मोर्चा के नेताओं सुखविंदर सिंह ढिल्लवां, रमन कुमार मलोट, अमन सेखा, हरजिंदर झुनीर, लखवीर सिंह भरी व गुरप्यार सिंह इस मांग पर अड़े हुए थे कि उनकी बैठक मुख्यमंत्री भगवंत मान से करवाई जाए।

क्या थी मांग? 

उनका कहना था कि शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में नई भर्तियां करने, आयु सीमा में छूट देने तथा 55 प्रतिशत जैसी शर्त को रद करने का अधिकार मुख्यमंत्री के पास है।

प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के साथ तत्काल बैठक करवाने में असमर्थता जताए जाने के बाद बेरोजगारों ने दोबारा आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस के साथ कई बार धक्का-मुक्की हुई।

6 अक्टूबर को होगी बैठक

पुलिस और सिविल प्रशासन की ओर से बेरोजगारों को समझाने का प्रयास किया जाता रहा। प्रशासन की ओर से बेरोजगारों की बैठक 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री आवास, चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सहित शिक्षा सचिव, कार्मिक सचिव और स्वास्थ्य सचिव के साथ करवाने का आश्वासन दिया गया।

इसके बाद देर शाम मुनीश कुमार को पानी की टंकी से नीचे उतारा गया और बेरोजगारों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर लाइब्रेरियन यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राज सिंह सहित ललिता पटियाला, अमनदीप कौर, गगनदीप कौर, संदीप मोफर, रिंकू सिंह, भूपिंदर सिंह, गुरशरण कौर, सिमनदीप कौर, परमिंदर सिंह भवानीगढ़, लखबीर सिंह, सुखपाल खान, लखबीर खुड्डी कलां, रमणदीप सिंह श्री आनंदपुर साहिब आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में फिर 2021-22 वाला संकट ? राजा वड़िंग को हटाने का फैसला कहीं 2027 में न पड़ जाए भारी