विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संगरूर हादसा: पीड़ितों से मिले पंजाब के मंत्री हरपाल चीमा, सरकार ने किया मुआवजे का एलान, मजदूर संगठनों ने ठुकराया

Published: Mon, 19 Oct 2026 10:52 AM (IST)

संगरूर के लहरा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत और 11 से अधिक घायल होने के ...और पढ़ें

संगरूर में वित्त मंत्री पीड़ितों से मिले (जागरणफोटो)

संगरूर में वित्त मंत्री पीड़ितों से मिले (जागरणफोटो)

HighLights

  1. वित्तमंत्री चीमा और बरिंदर गोयल ने घायलों से मुलाकात की

  2. मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

  3. मजदूर संगठनों ने मुआवजे को ठुकराया, उचित मांगें रखीं

जागरण संवाददाता, संगरूर। लहरा क्षेत्र के गांव अलीशेर समीप गत दिवस सड़क हादसे दौरान मारे गए आठ मजदूरों के परिवार व अस्पताल में भर्ती घायलों से सोमवार सुबह वित्तमंत्री हरपाल सिहं चीमा व कैबिनेट मंत्री वकील बरिंदर गोयल ने मुलाकात की।

इस भीषण हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि 11 से अधिक मजदूर घायल हो गए।हादसे के समय मजदूर कामकाज करके सड़क किनारे पानी पीने व आराम करने के लिए बैठे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया था।

घायलों से मुलाकात दौरान वित्तमंत्री हरपाल चीमा व कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनके इलाज की जानकारी ली। मुलाकात उपरांत उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के लिए 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

इसके साथ ही हादसे में घायल सभी लोगों के इलाज का पूरा खर्च पंजाब सरकार की ओर से उठाया जाएगा। हादसे के लिए जिम्मेदार कार चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, यदि मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी। पंजाब सरकार की तरफ से स्पष्ट किया है कि इस दुखद घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उधर,मजदूरों संगठनों द्वारा गठित की गई एक्शन कमेटी ने सरकार द्वारा मृतकों के परिवारों के लिए घोषित की गई दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद को सिरे से ठुकराते हुए उचित मुआवजा प्रदान करने, परिवारों के एक-एक सदस्य के लिए नौकरी, भविष्य में इस प्रकार के हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा नियमों की सख्ती से पालना करने को यकीनी बनाने की मांग की।

साथ ही एलान किया यदि उनकी मांगों को पूरा न किया तो कड़ा संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष जाहिर किया।