दो माह में 64 किसानों ने कजे से परेशान होकर दी जान
संगरूर किसान यूनियन ने बताया पंजाब में दो माह में 64 किसानों ने की आत्महत्या।
जागरण संवाददाता, संगरूर : भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की प्रांतीय कमेटी के जिला महासचिव दरबारा सिंह के नेतृत्व में जिले में कर्ज से हुई किसानों की आत्महत्याओं की लिस्ट जारी की गई। लिस्ट के मुताबिक पिछले साठ दिनों में 64 किसान, 15 महिलाएं व 10 मजदूर खुदकुशी कर चुके हैं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रधान गोबिदर सिंह, जिला महासचिव दरबारा सिंह ने कहा कि चुनाव से पहले कैप्टन अमरिदर सिंह ने किसानों से उनका पूरा कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आते ही सरकार अपना किया हुआ वादा भूलकर किसानों को डिफाल्टर करार देने में लगी है। बैंकों में किसानों को जलील कर उन्हें खुदकुशी करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 1300 किसान, मजदूरों ने मौत को गले लगाया। अनाज पैदा करने वाला संगरूर जिला खुदकुशी करने में भी पहले नंबर पर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खेती को तबाह करने पर तुली हुई है, जिसके तहत केंद्र सरकार विदेशों से सस्ते अनाज खरीदेगी। ऐसा करने से पंजाब का किसान बुरी तरह से तबाह हो जाएगा। उन्होंने केंद्र व पंजाब सरकार को चेतावनी दी कि अगर किसानों की समस्याओं का जल्द हल न किया गया तो आने वाले समय में तेज संघर्ष किया जाएगा।
इस मौके पर ब्लॉक प्रधान गोबिदर सिंह मंगवाल, गोबिदर सिंह बड़रूखां, जिला महासचिव दरबारा सिंह के अलावा यूनियन नेता उपस्थित थे।