विवेकानंद की शिक्षाओं पर चलने का दिया संदेश
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा स्थानीय आश्रम सुनाम में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया।
संवाद सूत्र, सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर) : दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा स्थानीय आश्रम सुनाम में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने नाटक व कोरियोग्राफी द्वारा स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं को पेश किया। आशुतोष महाराज की परम शिष्या साध्वी नीतिविधा भारती ने कहा कि हर वर्ष स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन पर उनका दर्शन सिद्धांत, अलौकिक विचार व उनके आदर्श हैं, जिनका उन्होंने स्वयं पालन किया। भारत के साथ-साथ अन्य देशों में भी उन्हें स्थापित किया। उनके विचार व आदर्श युवाओं में नई शक्ति व ऊर्जा का संचार कर सकते हैं।
किसी भी देश के युवा उसका भविष्य होते हैं। उन्हीं के हाथों में देश की उन्नति की बागडोर होती है। आज के परिदृश्य में जहां चारों ओर भ्रष्टाचार, बुराई, अपराध का बोलबाला है, जो दीमक बनकर देश को भीतर ही भीतर खाए जा रहे हैं। ऐसे में देश की युवा शक्ति को जागृत करना व उन्हें देश के प्रति कर्तव्यों का बोध कराना अत्यंत आवश्यक है। विवेकानंद के विचारों में वह क्रांति व तेज है जो सारे युवाओं को नई चेतना से भर दे। अंत में साध्वी भारती ने कहा कि हमें भी उनके जीवन का अनुसरण करके अपने व्यक्तित्व का निर्माण करना होगा, ताकि हम सभी भविष्य में आने वाली पीढ़ी व राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सके।