पंजाब के संगरूर में आवारा कुत्ते का आतंक, 2 महिलाओं और पुलिसकर्मी समेत 13 लोगों को काटा
भवानीगढ़ में एक आवारा कुत्ते ने दो महिलाओं और एक पुलिसकर्मी सहित 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे शहर में दहशत फैल गई।
-1794763202153_m.webp)
आवारा कुत्ते का आतंक, दो महिलाओं व पुलिसकर्मी समेत 13 लोगों को काटा।
HighLights
भवानीगढ़ में एक आवारा कुत्ते ने 13 लोगों को काटा।
घायलों में दो महिलाएं और एक पुलिसकर्मी शामिल हैं।
शहर में आवारा कुत्तों की समस्या गंभीर बनी हुई है।
संवाद सूत्र, भवानीगढ़ (संगरूर)। भवानीगढ़ शहर में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। रविवार को शहर में एक आवारा कुत्ते ने कुछ ही घंटों के दौरान दो महिलाओं व एक पुलिस कर्मचारी समेत 13 लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के लगातार हमलों से शहर में दहशत का माहौल बन गया और लोगों में भय व्याप्त है।
रविवार सुबह से ही शहर के मुख्य बाजार व गोशाला के आसपास एक आवारा कुत्ता घूम रहा था। इस दौरान कुत्ते ने राह चलते लोगों पर हमला कर दिया व एक के बाद एक कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया।
सिविल अस्पताल के डॉ. चरणप्रीत सिंह ने बताया कि सुबह से ही कुत्ते के काटने से घायल लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। अब तक बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित कुल 13 मरीज उपचार के लिए आ चुके हैं।
अस्पताल प्रशासन की ओर से सभी घायलों के इलाज के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार उपचार दिया जा रहा है। कुत्ते के हमले में घायल होने वालों में बलकार सिंह, भरपूर सिंह, इमरान खान, अनीता रानी, दर्शन कुमार, विलास शर्मा, संदीप कुमार, प्रिंस, जसपाल कौर, लक्की और हरविंदर सिंह सहित अन्य लोग शामिल हैं।
आवारा कुत्तों की समस्या बनी गंभीर चिंता
शहरवासियों का कहना है कि भवानीगढ़ शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी आवारा कुत्तों की समस्या गंभीर रूप धारण कर चुकी है। शहर की गलियों और मोहल्लों में कुत्तों के झुंड आम देखने को मिलते हैं। इसके चलते राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को सड़कों से गुजरते समय हर समय हमले का डर बना रहता है।
लोगों ने नगर कौंसिल व स्थानीय प्रशासन से मांग की कि आवारा कुत्तों की समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। शहरवासियों ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।