किसान बोले-बांध बने तो बाढ़ का खतरा होगा कम
घग्गर नदी पर बांध बनाकर बाढ़ से निजात पाने का समाधान किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया।
संजय वर्मा, पटियाला
घग्गर नदी पर बांध बनाकर बाढ़ से निजात पाने का समाधान किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया। किसानों ने कहा कि कैप्टन अमरिदर सिंह ही इस समस्या का हल निकाल सकते हैं। दरिया पर बांध बनाने के लिए पड़ोसी राज्य की मंजूरी के साथ सेंट्रल वाटर कमिशन को भी मजबूती से पक्ष रखना होगा। यदि ऐसा हो जाता है तो हर साल तबाह हो रही हजारों एकड़ फसल को बचाया जा सकता है। 312 किलोमीटर लंबा बरसाती दरिया घग्गर पंजाब और हरियाणा को प्रभावित करता है। पंजाब में घग्गर की लंबाई 197 किलोमीटर है। पटियाला में भी ये कई किलोमीटर तक मार करता है। किसानों को घग्गर का अगर कोई स्थाई हल दिखता है तो वो मजबूत बांध है।
कई सालों से बरसात के कारण घग्गर नदी में बाढ़ की परेशानी झेल रहे किसानों को पहली बार राज्य के किसी मुख्यमंत्री से सुझाव सांझा करने का मौका मिला। जलालपुर गांव के सरपंच बलविदर सिंह ने कहा कि हर साल ही बारिश में घग्गर के कारण उनके गांवों की फसल बर्बाद हो जाती है। घग्गर में पानी आने के बाद किसानों की चिता बढ़ जाती है, यदि दरिया पर बांध बन जाए तो किसान सुखी हो सकते है। कैप्टन अमरिदर सिंह हरियाणा और केंद्र से बात कर समस्या हल कर सकते हैं। वे एक प्रभावी शख्सियत हैं जिस कारण उनका पक्ष कोई टाल नहीं सकता। रत्नहेड़ी गांव के सरपंच अमरिदर सिंह ने कहा कि पटियाला और आसपास के इलाकों का पानी उनके गांव आकर इकट्ठा होता है, जिस कारण सबसे अधिक नुकसान यहां होता है। मिट्टी डाल कर बचाव किया जा सकता है परंतु इतनी मिट्टी डालना भी मुश्किल है। गांव सदारणपुर के सरपंच जरनैल सिंह ने कहा कि घग्गर के आसपास जमीन किसानों की है ऐसे में सरकार जमीन एक्वायर कर बांध के प्रोजेक्ट पर काम कर सकती है। गांव जोगेवाल के कुलविदर सिंह ने बाढ़ को लेकर हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री से राहत मिलने की उम्मीद जताई।
पूर्व सरपंच जगजीत सिंह ने कहा कि उनके आसपास के करीबन 10 गांवों को खारा पानी मिल रहा है। फसलों के लिए भी खारा पानी मिलता है। घग्गर दरिया के कारण बड़ी समस्या है। इस समाधान के लिए 9 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया था जो कागजों तक रह गया। किसानों को आ रही बाढ़ की समस्या होगी हल: सीएम
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह ने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए आर्थिक मदद का जिक्र किया। वहीं सालों से चली आ रही घग्गर की बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए सेंट्रल वाटर कमिशन, केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार के आगे मुद्दा रखने को कहा। उन्होंने गांव सिरकपड़ा के बाढ़ में टूटे पुल के लिए 60 लाख रुपये जारी किये। वहीं, खारे पानी की समस्या के लिए करोड़ों की योजना भी शुरू करने को कहा। बाढ़ में टूटे 33 घरों के पुनर्निर्माण के लिए आर्थिक सहायता जारी की।