मकान में हिस्से के लिए भाई की हत्या करने वाला गिरफ्तार
नजदीकी गांव उभिया में बुधवार रात्रि बड़े भाई का कत्ल करने वाले छोटे भाई को तीन दिन बाद रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
संवाद सूत्र, दिड़बा (संगरूर) : नजदीकी गांव उभिया में बुधवार रात्रि बड़े भाई का कत्ल करने वाले छोटे भाई को तीन दिन बाद रविवार को गिरफ्तार कर लिया। मां के कमरे में से हिस्सा लेने के लिए भाई ने तेजधार हथियार से अपने भाई को काटकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने मृतक की मां के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया था।
गांव उभिया की रहने वाली नसीबो कौर पत्नी स्व. राज सिंह ने बताया कि उनके पास मकान है, जिसमें तीन कमरे हैं। दो कमरे में उसका पुत्र कर्मजीत सिंह व सुरजीत सिंह रहते थे, जबकि एक कमरे में वह खुद रहती है। बड़े लड़के कर्मजीत सिंह से छोटा लड़का सुरजीत सिंह तीसरे कमरे में से हिस्सा मांगता रहता था। बुधवार रात्रि सुरजीत सिंह का अपने भाई कर्मजीत सिंह के साथ कमरे के हिस्से के लिए फिर झगड़ा हो गया। सुरजीत सिंह ने किसी तेजधार हथियार से कर्मजीत सिंह पर हमला कर दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया। एसएचओ दिड़बा सुखदीप सिंह ने बताया कि हत्या को अंजाम देकर सुरजीत सिंह फरार हो गया था, जिसे तीन दिन बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।