पीएम मोदी ने सेवा करने के लिए भेजा है : अरविद खन्ना
मेरा मकसद राजनीति करना नहीं बल्कि जनता की सेवा करना है। नहीं बल्कि जनता की सेवा करना है।
सचिन धनजस, संगरूर
मेरा मकसद राजनीति करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। जब मुझे लगा कि मैं राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा नहीं कर पा रहा हूं और पार्टी के साथ मेरी विचारधारा नहीं मिल रही है, तो मैंने राजनीति से अलग होना ही उचित समझा। तब मैंने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह को विश्वास में लेकर त्यागपत्र दिया था। हां, अब मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विचारधारा से काफी प्रभावित हुआ और भाजपा ने दोबारा अपने परिवार (हलके) में जाकर जनता की सेवा करने का मौका दिया, तो मैं अपने परिवार के बीच आया हूं। मेरे लिए कोई नया चेहरा नहीं है, सभी मेरे अपने है।
भाजपा का दामन थामकर संगरूर पहुंचे पूर्व विधायक अरविद खन्ना ने आज कुछ इसी बेबाकी के साथ अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि वह दो विधायक रह चुके हैं। अगर उन्हें विधायक पद की लालसा होती, तो वह कभी छोड़कर न जाते। उस समय उन्हें ऐसा लगा कि वह जनता की सेवा नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए वह कांग्रेस पार्टी से अलग होकर चले गए थे, लेकिन अपनी जनता के साथ संपर्क बनाए रखा।
उन्होंने कहा कि संगरूर जो 27 साल पहले था, आज भी वैसा ही है। सड़कें बनने या पुल बनने को विकास नहीं कहा जा सकता। विकास का मतलब जनता का विकास होता है। पंजाब के नौजवान आज भी रोजगार की खातिर विदेशों में जा रहे हैं और किसी दूसरे राज्य में रोजगार तलाश रहे हैं। ऐसे नौजवानों को पंजाब रोजगार क्यों नहीं दे सकता। उनकी उम्मीद फाउंडेशन नौजवानों के लिए नया कुछ करने जा रही है, जिसे जल्द जनता को रू-ब-रू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति विशेष का माडल पंजाब की स्थिति ठीक नहीं कर सकता, बल्कि केंद्र सरकार की मदद से पंजाब को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब कर्जा, नशा, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा है, जिसे निकालने के लिए पंजाब की जनता को आगे आना होगा और केंद्र सरकार को मदद करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच व काम करने का तरीका ही पंजाब को आगे ला सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कई बड़े चेहरे भाजपा के परिवार में शामिल होंगे। नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान अशोक कुमार रज्जा, पूर्व पार्षद अनुपम कुमार पोंपी, राज कुमार, राम गोयल, रिकू जोहर आदि उपस्थित थे।