आढ़तियों की हड़ताल जारी, नहीं हुई धान की खरीद
आढ़तियों की हड़ताल के कारण धान की फसल की खरीद वीरवार को तीसरे दिन भी नहीं हो सकी।
संवाद सूत्र, घनौली
सांसद आदर्श ग्राम घनौली की अनाज मंडी में आढ़तियों की हड़ताल के कारण धान की फसल की खरीद वीरवार को तीसरे दिन भी नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार मंडी में पहल अक्टूबर से पंजाब सरकार की ओर से खरीद शुरू किए जाने के बाद धान की फसल पहुंचनी शरू हो चुकी है। फसल की खरीद करने के लिए तीन खरीद एजेंसियों के अधिकारी भी पहुंचे चुके हैं, लेकिन हड़ताल के कारण अभी तक फसल की खरीद का काम शुरू नहीं हो सका है। मंडी सुपरवाइजर गुलजार सिंह ने बताया कि घनौली मंडी में किसानों की फसल की खरीद और किसानों की सुविधा के लिए हर प्रबंध किए जा चुके हैं। एफसीआइ के खरीद अधिकारी सूर्यकांत, पनग्रेन के बरिदर सैनी और मार्कफेड के जसवीर सिंह मंडी में पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक मंडी में लगभग 450 क्विंटल धान की फसल की आमद हो चुकी है, लेकिन मंडी के आढ़तियों की हड़ताल के कारण कोई भी आढ़त धान की खरीद के लिए सहयोग नहीं दे रहा है। इसके कारण आज तीसरे दिन भी मंडी में धान की खरीद का काम शुरू नहीं हो सका है।आढ़तियों की मांग है कि धान की खरीद की पेमेंट उनके खाते में डाली जाए, जिस पर सरकार अभी तक कोई फैसला नहीं ले रही है।