लाल चौक पर तिरंगा लहराने गए शिवसैनिकों को जम्मू पुलिस ने रोका
रूपनगर सहित राज्य के विभिन्न जिलों से जम्मू कश्मीर में तिरंगा लहराने गए शिव सेना बाल ठाकरे के पदाधिकारी व मेंबर आज भारत माता की जय के जयघोष करते हुए वापिस लौट आए हैं।
संवाद सहयोगी, रूपनगर : रूपनगर सहित राज्य के विभिन्न जिलों से जम्मू कश्मीर में तिरंगा लहराने गए शिव सेना बाल ठाकरे के पदाधिकारी व मेंबर भारत माता की जय के जयघोष करते हुए वापिस लौट आए हैं।
प्रदेश के उप प्रमुख अश्वनी शर्मा ने बताया कि 14 अगस्त को उनका जत्था राज्य प्रमुख योगराज शर्मा के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर के लिए रवाना हुआ था जबकि इसी प्रकार मुकेरियां से प्रिस कतना, जालंधर से सुभाष गोरिया, अमृतसर से भास्कर व पंकज देवेश्वर आदि भी अपनी अपनी टीम के साथ यह संकल्प लेकर जम्मू कश्मीर के लिए 14 अगस्त को निकले थे कि वहां जाकर तिरंगा फहराएंगे। उन्होंने बताया कि इस जत्थे में उनके साथ महिला विग से जुड़ी महिलाएं भी पूरे उत्साह के साथ गई थी। जम्मू कश्मीर के प्रवेश पर महासचिव मनीष साहनी ने उनका स्वागत किया लेकिन जैसे ही जत्था आगे बढ़ा जम्मू पुलिस ने हालातों को देखते हुए उन्हें रोक लिया और हेड क्वार्टर लेकर गए। उन्होंने बताया कि वहां पुलिस अफसरों ने उन्हें समझाया कि इस वक्त हालात शांत हैं लेकिन अगर शिव सेना ने यहां के लोगों को उकसाया तो हालात खराब हो सकते हैं। डीजीपी तजिदर सिंह के समझाने पर फैसला हुआ कि शिव सैनिक पुलिस हैड क्वार्टर पर ही ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद उन्होंने पुलिस हेड क्वार्टर के समक्ष तिरंगा फहराया व जमकर देश व भारतीय सेना के हित में नारेबाजी भी की जिसके बाद शुक्रवार को वापिस लौट आए।