चार जनवरी तक प्रत्याशी तय करेगा शिअद
रूपनगर के गुरुद्वारा भट्ठा साहिब में शिअद की बैठक पूर्व मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा की अध्यक्षता में हुई जिसमें जिला के नए बनाए गए जत्थेदार संता सिंह उमैदपुर तथा आवजर्बर रणजीत सिंह गिल भी शामिल हुए।
संवाद सहयोगी, रूपनगर: रूपनगर के गुरुद्वारा भट्ठा साहिब में शिअद की बैठक पूर्व मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा की अध्यक्षता में हुई , जिसमें जिला के नए बनाए गए जत्थेदार संता सिंह उमैदपुर तथा आवजर्बर रणजीत सिंह गिल भी शामिल हुए। इस मौके डा. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि बैठक को बुलाने का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ नगर कौेंसिल चुनावों के लिए नीति बनाना है। इस मौके पर संता सिंह ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने रूपनगर जिले के संगठन को मजबूत बनाने के साथ नगर कौंसिल चुनावों के लिए ड्यूटी लगाई है। पार्टी की नीति के अनुसार नगर कौंसिल चुनाव के लिए प्रत्याशियों का फैसला करने के लिए कमेटियां बनाई जाएंगी, जिसमें हल्का इंचार्ज, जिला प्रधान, शहरी अध्यक्षों के अलावा शहर के गणमान्यों को शामिल किया जाएगा। प्रत्याशियों का फैसला चार जनवरी तक कर दिया जाएगा। वहीं बैठक के दौरान दलजीत चीमा ने कहा कि आज जो हालात बने हुए हैं, उसके लिए कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी भी बराबर की जिम्मेदार है। चीमा ने कहा कि शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संसद में कृषि बिलों का विरोध किया था, जबकि राहुल गांधी सहित अन्य ने इसका कोई विरोध तक नहीं किया। यह कानून केवल पंजाब की किसानी के खिलाफ नहीं बल्कि पूरे देश की किसानी के खिलाफ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कृषि सुधार कानूनों को अंतिम रूप देने के लिए बनाई गई मुख्यमंत्रियों की कमेटी में पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिदर सिंह भी मेंबर थे। उन्होंने भी इसे मंजूरी दी थी। बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।