टिप्पर ने स्कूटर को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल
मोरिडा मार्ग पर पड़ते सालापुर चौक के पास मंगलवार सुबह एक टिप्पर ने कार को ओवरटेक करते स्कूटर सवार दो व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया।
जागरण संवाददाता, रूपनगर : मोरिडा मार्ग पर पड़ते सालापुर चौक के पास मंगलवार सुबह एक टिप्पर ने कार को ओवरटेक करते स्कूटर सवार दो व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसे के बार टिप्पर को छोड़ चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में मृतक की पहचान मोरिडा के नजदीकी गांव रसूलपुर के भाग सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल मेजर सिंह पुत्र बंता सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
घायल मेजर सिंह ने बताया कि वह अपने स्कूटर (सीएच 03 वी 3657) पर काम के लिए रूपनगर आ रहा था। उसके साथ उसी के गांव का भाग सिंह भी था। जब वह सालापुर चौक के पास पहुंचे तो टिप्पर (पीबी12वाइ 7877) ने कार को ओवरटेक करते समय उन्हें टक्कर मार दी, जिससे भाग सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जांच अधिकारी एएसआइ सुभाष चंद्र ने बताया कि मृतक भाग के पुत्र हरदीप सिंह के ब्यान के आधार पर अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाक्स
लॉकडाउन में चाय का काम हुआ बंद, मजदूरी के लिए जा रहा था मृतक
मृतक के बेटे हरदीप सिंह व घायल ने बताया कि उसके पिता तहसील कांप्लेक्स में चाय का काम करते थे। लॉकडाउन के कारण चाय का काम बंद था। इसलिए वह गांव के ही एक व्यक्ति जोकि तूड़ी का काम करता है, के साथ स्कूटर पर मजदूरी के लिए रूपनगर जा रहे थे।