महिला की संदिग्ध हालात में मौत, गुस्साए परिजनों ने तोडे़ अस्पताल के शीशे
मोरिडा शुक्रवार देर रात मोरिडा के एक निजी अस्पताल में एक महिला की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल पर आरोप लगाते हुए महिला के शव को काईनौर चौक पर रखकर जाम लगा दिया।
फतेह चंद, मोरिडा
शुक्रवार देर रात मोरिडा के एक निजी अस्पताल में एक महिला की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल पर आरोप लगाते हुए महिला के शव को काईनौर चौक पर रखकर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल के शीशे तोड़ दिए। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को शांत करने में जुटी रही। परिजन जाम हटाने के लिए इंसाफ की मांग कर रह थे कि डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। उधर, गुस्साए लोगों को जब पुलिस शांत करवा रही थी, तो लोगों ने डीएसपी एसएस विर्क के साथ हाथापाई करनी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने लोगों पर हलका लाठीचार्ज भी किया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी स्वपन शर्मा ने लोगों को मामले में बनती कार्रवाई का आश्वासन देकर ट्रैफिक जाम खुलवा। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
कमलजीत सिंह पुत्र जीत सिंह वासी मदनहेड़ी मोरिडा ने बताया कि उसकी मासी सुखदेव कौर पत्नी जसवीर सिंह वासी बाजीगर मोहल्ला वार्ड नंबर दस मोरिडा (जिला रूपनगर) वीरवार को अचानक बीमार हो गई थी, जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। शुक्रवार देर शाम उसका पति जसवीर सिंह घर से खाना लाने के लिया गया। उस समय अस्पताल में मौसी के पास एक छोटा बच्चा ही था। इसी दौरान महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। जिसके बाद डॉक्टरों ने शव को उठवा कर बाहर खड़ी गाड़ी में रखवा दिया और गाड़ी के शीशे बंद कर दिए। जब सुखदेव सिंह खाना लेकर आया तो उसने अपनी पत्नी को मृत पाया। जिसके बाद उसने शोर मचा दिया। शोर सुन कर लोग इक्ट्ठा हो गए और परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए। हार्टअटैक से हुई है महिला की मौत अस्पताल के डॉ. नीरज कुमार कक्कड़ ने कहा कि महिला सुखदेव कौर वीरवार को अस्पताल में दाखिल हुई थी, जिसका इलाज चल रह था। शुक्रवार शाम जब वह बाथरूम के लिए गई, तो वहां पर उसको हार्टअटैक आ गया। इसके बाद उसे चंडीगढ़ रेफर करने के लिए गाड़ी में डाला गया था, लेकिन उसके साथ कोई भी न होने के कारण उसे ले जाया नहीं जा सका। इसी दौरान उसकी गाड़ी में मौत हो गई। महिला की मौत हार्टअटैक के कारण हुई है। डॉक्टरों के पैनल किया पोस्टमार्टम शनिवार दोपहर मृतक महिला का डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टरों की टीम में डॉ. बबलीन, डॉ. लवलीन तथा डॉ. बलविदर सिंह शामिल थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव को वारिसों के हवाले कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।