रिटायरमेंट के बाद खाली पदों पर करें दैनिकभोगी कर्मचारियों की नियुक्ति
मजदूर भलाई संगठन ने बीबीएमबी के विरुद्ध प्रदर्शन कर माग की है कि रिटायर हो रहे कर्मचारियों के स्थान पर दैनिकभोगी कर्मचारियों को नौकरी दी जाए।
जागरण संवाददाता, नंगल: मजदूर भलाई संगठन ने बीबीएमबी के विरुद्ध प्रदर्शन कर माग की है कि रिटायर हो रहे कर्मचारियों के स्थान पर दैनिकभोगी कर्मचारियों को नौकरी दी जाए। संगठन के अध्यक्ष शाम लाल सिद्धू सहित सुरेश कुमार, हरभजन सिंह सैनी, सन्नी कुमार, धर्मपाल, राज कुमार, बंसी लाल व राम मिलन ने परिजनों के साथ प्रदर्शन कर कहा कि यह अन्यायपूर्ण है कि डेलीवेज पर काम कर रहे कर्मचारियों को पक्का करना तो दूर, लगातार काम भी नहीं दिया जा रहा है। परिणामस्वरूप कर्मचारी दयनीय हालात में जीवन निर्वाह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डेलीवेज कर्मी प्रेम कुमार व जोगिंदर कुमार वर्ष 1988 से डेलीवेज पर काम करते आ रहे हैं, जिन्हें आज तक पक्का नहीं किया गया है। इन कर्मचारियों की आयु 60 वर्ष होने पर डेलीवेज वर्क से ही रिटायर कर निकाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के प्रति अपनाया जा रहा भेदभाव पूर्ण रवैया सरासर अन्याय है। इन हालातों में एक नहीं बड़ी संख्या में डेलीवेज पर काम कर रहे कर्मचारियों के बच्चों का पालन पोषण सही ढंग से नहीं हो रहा है। ऐसे में उनकी माग है कि जल्द भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड मेहनतकश कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद खाली पड़े पदों पर प्राथमिकता के आधार पर नियुक्त करे।