Move to Jagran APP

बारिश में भीगीं धान की 20 हजार बोरियां

बुधवार देर रात आरंभ हुई बारिश से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं।

By JagranEdited By: Published: Thu, 07 Nov 2019 10:41 PM (IST)Updated: Fri, 08 Nov 2019 06:34 AM (IST)
बारिश में भीगीं धान की 20 हजार बोरियां
बारिश में भीगीं धान की 20 हजार बोरियां

जागरण संवाददाता, रूपनगर: बुधवार देर रात आरंभ हुई बारिश ने जहां किसानों के चेहरे मुरझा दिए हैं, वहीं मंडियों में आढ़तियों के मुंह भी लटक गए हैं। जिले की विभिन्न मंडियों में पड़ी धान की बोरियां बारिश के बीच भीग गई। आढ़ती धान को संभालने और सुखाने की लेबर के बढ़ने वाले खर्च को लेकर अभी से चिता में हैं। वीरवार दोपहर तक बारिश होती रही और मंडियों में बने पक्के फड़ पर रखी धान की बोरियां भीगती रहीं। बेशक कई बोरियों को तिरपालों से ढक दिया गया था, लेकिन कई जगह बोरियां नीचे चट्ठों की कमी के कारण नीचे जमा पानी से भीगती रहीं। सबसे ज्यादा बोरियां गुरुद्वारा भट्ठा साहिब के सामने मंडी की पार्किंग में भीगी हैं। यहां वीरवार दोपहर तक पानी जमा रहा। मजदूर बोरियों को ढकने और तिरपालों के ऊपर जमा पानी निकालने में जुटे रहे। कई मंडियों में धान की फसल रखने के लिए जगह पूरी न होने से धान की बोरियां भीग गई हैं। इसका एक मुख्य कारण यह भी हो सकता है कि बीते दिनों शैलर वालों ने हड़ताल की थी, जिस कारण कुछ दिन तक लिफ्टिंग का काम रुक गया था। पहले बाढ़ ने मारा, अब बारिश का साया: भाग सिंह किसान जत्थेदार भाग सिंह ने कहा कि उनके खेत मियाणी में हैं। पहले बीते दिनों आई बाढ़ ने उनकी फसल को नुकसान पहुंचाया, जिससे फसल का झाड़ कम हुआ। अब बारिश के बीच उनकी धान भीग रही है। किसानों पर प्राकृतिक मार पड़ रही है। पंजाब और केंद्र सरकार को किसानों के हक में फैसले लेने चाहिए, ताकि महंगाई और व्यवस्था की मार झेल रहा किसान खेती के धंधे को जारी रख सके। धान की कटाई होगी लेट वहीं गांव भैणी के प्रकाश सिंह, पत्थरेड़ी जट्टां के लखबीर सिंह व भैणी के जरनैल सिंह ने कहा कि किसानों की फसलों का नुकसान हो रहा है। मंडियों में किसान परेशान हो रहे हैं। किसानों की मेहनत की फसल बारिश में भीग रही है। पहले ही किसानों की फसल को नमी की वजह से आढ़ती लेने में आनाकानी करते हैं, अब बारिश के बाद नई समस्या खड़ी हो गई है । अभी तक जहां धान की कटाई नहीं हुई है, वहां धान की कटाई भी लेट हो जाएगी।

loksabha election banner

दो लाख मीट्रिक टन धान की खरीद पूरी ऊधर जिले में बुधवार को दो लाख पांच हजार मीट्रिक टन धान की खरीद पूरी हो चुकी है। इसमें से एक लाख 63 हजार मीट्रिक टन धान की लिफ्टिंग भी हो चुकी है, जबकि कुछ मंडियों में करीब 37 हजार एमटी धान की लिफ्टिंग होना बाकी है। अब बारिश के बाद दो दिन तक धान की लिफ्टिंग होने की उम्मीद कम है। 50 करोड़ की अदायगी पेंडिंग: नरूला वहीं डीएफएसइ रूपनगर मनीष नरूला ने कहा कि जिले में खरीदी गई धान की कुल अदायगी में से 300 करोड़ जारी कर दी गई है। जिले में खरीदी गई धान की फसल में से 50 करोड़ की अदायगी पेंडिग है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.