श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा निकालकर मां दुर्गा की विराट मूर्ति का सतलुज में किया विसर्जन
नवरात्रों में आयोजित मां दुर्गा पूजा का धार्मिक महासम्मेलन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया।
जागरण संवाददाता, नंगल: नवरात्रों में आयोजित मां दुर्गा पूजा का धार्मिक महासम्मेलन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया। धार्मिक कार्यक्रम में मां दुर्गा की विराट मूर्ति को सतलुज में विसर्जित करके लोक कल्याण की कामना की गई। दोपहर बाद अड्डा मार्केट से गगनभेदी जयघोषों के बीच निकाली गई भव्य शोभायात्रा में शामिल बड़ी संख्या में मां के भक्तों ने जय-जयकार करते हुए शहर के विभिन्न स्थानों से होते हुए वरुण देव मंदिर पहुंचकर मां की विराट मूर्ति को मंत्रोच्चारण के बीच सतलुज में विसर्जित किया। शहर में जगह-जगह भक्तजनों ने शोभायात्रा का स्वागत करने के साथ-साथ विसर्जन के लिए ले जाई जा रही मूर्ति को नतमस्तक माथा टेक कर भक्तों का स्वागत भी किया। जय मां दुर्गा सेवा सोसायटी के सौजन्य से 29 सितंबर से शुरू हुए कार्यक्रम में लगातार नौ दिन मां के जागरण करवाए गए। चंडीगढ़ से मंगवाई मा दुर्गा की विशाल मूर्ति के समक्ष प्रतिष्ठापित की गई पावन ज्योति के समक्ष भक्तजनों ने नित्य प्रति पूजा अर्चना करके लोक कल्याण की कामना की। शोभायात्रा में बनाई गई विभिन्न झांकियों के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि किस तरह से वेद ग्रंथों में यह बताया गया है कि हमेशा धर्म की जीत होती है।
इससे पहले महासम्मेलन में भक्त सोहन लाल, गगन चौहान, शुभम कुमार, निखिल, कर्ण कुमार, अक्षय, राहुल, प्रदीप कुमार, सूरज, गर्वित, पुनीत, सोनू ने मां दुर्गा का गुणगान करके वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। उनकी ओर से प्रस्तुत भेंटों 'जो कुछ लिखेया मेरे करतार ओही कुछ मिलणा आखिरकार, शेरां वालिए तेरी जोत दा कमाल देखेया, मंगी मुराद सदा तेरे कोलों लेई आ' ने भक्तजनों को झूमने पर विवश कर दिया। इस दौरान हवन में पूरे विधिवत रूप से किए गए मंत्रोच्चारण के साथ भक्तजनों व आयोजकों ने आहुतियां सुख समृद्धि की कामना की।