कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने थाने में डाला डेरा
गांव शामपुरा में एक आटा चक्की के कब्जे को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने पिता-पुत्र पर जबरदस्ती घर में घुसने और लड़कियों से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, रूपनगर : गांव शामपुरा में एक आटा चक्की के कब्जे को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने पिता-पुत्र पर जबरदस्ती घर में घुसने और लड़कियों से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। दूसरी तरफ, कांग्रेस के नेताओं ने सोमवार को थाना सिटी में डेरा डाले रखा और पिता-पुत्र पर हुई कार्रवाई को लेकर एसपी जगजीत सिंह जल्ला और एसएचओ हरकीरत सिंह के साथ मुलाकात की। कांग्रेस के नेताओं ने प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह भुल्लर और पोमी सोनी एवं प्रदेश प्रवक्ता सुखदेव सिंह की अगुआई में एसएसपी रूपनगर को भी मांगपत्र देकर केस रद करने की मांग की है।
इससे पहले महिला अकाली दल की शहरी प्रधान बलजिदर कौर के खिलाफ सिटी पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया था। इसके बाद मामला गर्मा गया और रविवार को बलजिदर कौर की दो लड़कियों और दूसरे गुट के चक्की के किरायेदार रणजीत सिंह में झगड़ा हो गया। झगडे के बाद अकाली दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षामंत्री डॉ.दलजीत सिंह चीमा अस्पताल पहुंचे और उनकी अगुआई में कांग्रेस सरकार के खिलाफ अकाली वर्करों ने नारेबाजी की थी। उन्होंने एक तरफा कार्रवाई का विरोध करते हुए दूसरे गुट के खिलाफ मामला दर्ज करने और गिरफ्तार करने की मांग की थी। गुट के रणजीत सिंह और उसकी पत्नी भी इस झगड़े के बाद सरकारी अस्पताल में दाखिल हैं। रणजीत सिंह का कहना है लड़कियों द्वारा उसे जबरदस्ती घर के अंदर ले जाया गया और उसकी मारपीट करने के बाद लड़कियों ने खुद के कपड़े फाड़ लिए। उलटा आरोप उस पर और उसके बेटे पर थोप दिया।
पांच फरवरी को तय करेंगे अगली रणनीति: डॉ.चीमा
दलजीत सिंह ने चीमा ने बताया कि एसएसपी द्वारा उन्हें एक आरोपित जगपाल सिंह जैकी के गिरफ्तारी होने की बाद कही गई है। इसके बाद प्रदर्शन स्थगित किया गया है। पांच फरवरी को अकाली दल की मीटिग में अगली रणनीति तय की जाएगी।
बिना वजह दिया जा रहा राजनीतिक रंग
उधर, कांग्रेस नेता अमरजीत सिंह भुल्लर, सुखदेव सिंह, मोहित शर्मा, राजीव भनोट, पोमी सोनी, राजेश्वर लाली ने कहा कि दुकान के विवाद को राजनीतिक रंगत देकर अकाली दल लोगों की सहानुभूति हासिल करना चाहता है। डॉ.दलजीत सिंह चीमा शहर का माहौल खराब करने पर तुले हैं। सुखदेव सिंह ने कहा कि अगर पुलिस ने धक्का करने की कोशिश की तो कांग्रेस वर्कर भी धरने प्रदर्शन से पीछे नहीं हटेंगे। अकाली दल के दबाव में धक्का नहीं होने दिया जाएगा। वो मुख्यमंत्री से इस संबंध में जल्द भेंट करेंगे।बाक्समामला पैसे के लेनदेन का, समझौते की चल रही है बात: एसपी जगजीत सिंह रूपनगर के एसपी जगजीत सिंह जल्ला ने कहा कि आटा चक्की विवाद दोनों गुटों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर खड़ा हुआ है। फैसला करने के लिए दोनों गुटों में बात चल रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है जबकि दोनो गुटों के खिलाफ मामला दर्ज करलिया गया है।