हिमाचल व पंजाब बार्डर पर पुलिस की नाकाबंदी, बाहरी लोगों की एंट्री बंद
नंगल के निकट पंजाब हिमाचल सीमा पर भी हिमाचल पुलिस के साथ ही अब पंजाब पुलिस ने भी नाकाबंदी कर दी है।
जागरण संवाददाता, नंगल : नंगल के निकट पंजाब-हिमाचल सीमा पर भी हिमाचल पुलिस के साथ ही अब पंजाब पुलिस ने भी नाकाबंदी कर दी है। सोमवार दोपहर एक बजे पंजाब सरकार ने कर्फ्यू घोषित किए जाने के बाद ही नाका लगाकर पंजाब पुलिस ने हिमाचल की तरफ से पंजाब आ रहे लोगों का प्रवेश रोक दिया है। फिलहाल हिमाचल से भी कोई भी व्यक्ति पंजाब में प्रवेश नहीं कर पा रहा है।
उधर हिमाचल लॉकडाउन की पालना भी जारी है। यहां केवल हिमाचल के निवासियों को ही उनके हिमाचली होने के आधार कार्ड जैसे दस्तावेज दिखाने के बाद पूरी सख्ती बरत कर आगे भेजा जा रहा है। दूसरे प्रात के रहने वाले किसी भी व्यक्ति को हिमाचल में प्रवेश की इजाजत नहीं दी जा रही है। मेहतपुर बॉर्डर पर हिमाचल पुलिस की टीम की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी देते हुए एएसआइ कुलदीप कुमार ने बताया कि सख्त आर्डर की पालना हो रही है। हिमाचली नागरिक को ही दस्तावेज दिखाने के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। बाहरी प्रांतों के आम लोगों के साथ-साथ विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध जारी है।