अच्छे कार्यो से प्राप्त की जा सकती है भगवान श्री कृष्ण की कृपा
मानवता का आध्यात्मिक मार्गदर्शन करने के उद्देश्य से श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कला ऊना में आयोजित दिव्य समागम के 12वें दिन भी भक्तजनों का वेद ग्रंथों के प्रेरणा प्रसंगों से मार्गदर्शन किया गया।
जागरण संवाददाता, नंगल
मानवता का आध्यात्मिक मार्गदर्शन करने के उद्देश्य से श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कला ऊना में आयोजित दिव्य समागम के 12वें दिन भी भक्तजनों का वेद ग्रंथों के प्रेरणा प्रसंगों से मार्गदर्शन किया गया। इस मौके मंदिर के संचालक राष्ट्र संत बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि सर्वत्र भगवान को साक्षी मानते हुए प्राणी को सदैव नेक कार्य करने चाहिए। भगवान कण-कण में विद्यमान हैं। भगवान श्री कृष्ण की कृपा अच्छे कार्य करके ही प्राप्त की जा सकती है। दूसरों के हित में ही अपना हित समझ कर समाज की बेहतरी में सभी सहयोग देते रहें। जरूरतमंदों की सेवा ही भगवान श्री कृष्ण की सच्ची भक्ति है। मनुष्य के शरीर अंदर प्रभु का ही एक ऐसा अंश विद्यमान है , जो हमारे हर अच्छे बुरे कार्य का हिसाब रखे हुए है, इसलिए हर कार्य सोच समझ कर करना चाहिए।
समागम में आचार्य गौरव कृष्ण शास्त्री ने भी भक्तजनों को बताया कि सच्चे मन से जो भी प्राणी भगवान से मांगता है, वह उसे जरूर मिलता है। शास्त्रों में संत को परमात्मा से बड़ा दर्जा दिया गया है। अगर संत व फकीर मौज में आ गए, तो भाग्य बदल देते हैं। संतों की सेवा होनी चाहिए। कलियुग में भागवत कथा महान है। इसके नाम सुमिरन से ही प्राणी भवसागर से पार हो सकता है। कार्यक्रम में परम लोक आश्रम दड़ौली के संचालक स्वामी कृपालानंद जी महाराज, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पीआरटीसी के डायरेक्टर कमलदेव जोशी, समाज सेवक रछपाल सिंह राणा, राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन मोहन मित्तल के अलावा कुलभूषण पुरी ने भी मंदिर में पहुंच कर नतमस्तक होते हुए बाबा बाल जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर बाबा बाल जी के शिष्य इंद्र मोहन कपिला ने बताया कि 13 फरवरी को सुबह दस बजे बृज रसिका चंद्रकला दीदी अमृतसर वाले गुणगान करने पहुंच रही हैं। रासलीला के माध्यम से भी भक्तों का मार्गदर्शन करके सभी को धर्म मार्ग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए लगातार लंगर जारी है। इस मौके पर स्वामी माध्वानंद, इंद्रमोहन कपिला, कैलाश गौतम, किशोरी लाल, रजनी बाला, कार्तिका, नीतिका जसवाल, आशा चौधरी, राज रानी, सविता रानी, सुरेश शमा, गुरदयाल सिंह, गोपाल कृष्ण आदि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रवचन सुनकर लोक कल्याण की कामना की। अनुराग ठाकुर आज मंदिर में होंगे नतमस्तक केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर आज बाबा बाल जी के कोटला कलां स्थित मंदिर में चल रहे दिव्य समागम में पहुंच कर नतमस्तक होंगे। जानकारी के अनुसार सुबह 10.30 बजे कोटला कला स्थित बाबा बाल आश्रम में चल रहे कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम छह बजे केंद्रीय मंत्री बंगाणा से हमीरपुर के लिए रवाना होंगे।