भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष खन्ना ने बुजुर्ग नेता कौशिक की सदस्यता करवाई रजिस्टर्ड
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने भाजपा के सदस्यता अभियान की नब्ज टटोलने के लिए रूपनगर इलाके में दौरा किया।
जागरण संवाददाता, रूपनगर : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने भाजपा के सदस्यता अभियान की नब्ज टटोलने के लिए रूपनगर इलाके में दौरा किया। भाजपा के बुजुर्ग नेता ओम प्रकाश कौशिक के घनौली स्थित निवास पर जाकर उनका हालचाल जाना बल्कि कौशिक की भाजपा की सदस्यता अभियान के तहत आन लाइन रजिस्ट्रेशन खुद की। बता दें कि ओम प्रकाश कौशिक कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं। इस दौरान अविनाश राय खन्ना भाजपा नेताओं के साथ बैठक की और उन्हें भाजपा के सदस्यता अभियान को उत्साह के साथ प्रचारित करने की प्रेरणा दी। खन्ना ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान पार्टी का अपना अभियान है तो हरेक वर्कर, पदाधिकारी, चुना हुआ नुमाइंदा इसमें अपना योगदान दे। भाजपा का सदस्यता अभियान ये साबित कर देगा कि देश के लोग नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की नीतियों को किस हद तक प्यार करते हैं। केंद्र की मोदी सरकार के प्रति जो पार्टियां बयानबाजी कर रही हैं, उनकी कोई बुनियाद नहीं है। खन्ना ने कहा कि 17 जुलाई को रूपनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सदस्यता अभियान को लेकर बैठक करेंगे। इस मौके पर प्रदेश के पूर्व सचिव विजय पुरी, भाजपा के जिला सचिव रमित केहर, चमन लाल वर्मा, सचिन भनोट, कुंदन सिंह, बृज भूषण कपिला, हरदीप सैनी आदि मौजूद थे।