हड़ताल पर गए बैंक कर्मचारी, 10 करोड़ का लेन-देन रुका
रूपनगर में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की कॉल पर सरकारी बैंकों के कर्मचारी व अफसर कामकाज ठप कर दो दिन की हड़ताल पर चले गए।
संवाद सहयोगी, रूपनगर
रूपनगर में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की कॉल पर सरकारी बैंकों के कर्मचारी व अफसर कामकाज ठप कर दो दिन की हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के कारण बैंकों में अपने काम करवाने पहुंचे आम लोगों को मायूस होकर खाली हाथ लौटना पड़ा। इससे जिलेभर के बैंकों में करीब 10 करोड़ के लेन- देन सहित करीब पांच करोड़ के चेक की क्लीयारेंस भी रुक गई। इससे पहले दिन की हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच के समक्ष मांगें मनवाने के लिए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी। पंजाब नेशनल बैंक इंप्लाइज फेडरेशन रूपनगर के सचिव तरलोचन सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन व भत्ते जोकि एक नवंबर 2017 से बढ़ाए जाने थे, उन्हें अ्रभी तक जारी नहीं किया गया है। इसके अलावा बैंक स्टाफ की भर्ती भी नहीं की जा रही है। इसके अलावा सप्ताह में पांच दिन काम करने सहित पुरानी पेंशन प्रणाली की बहाली की मांगें भी वक्ताओं ने धरने के दौरान प्रमुखता से उठाई।