यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 24, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सातवीं का छात्र वाटर बॉटल में स्कूल लाया बीयर, फिर उड़े स्कूल प्रशासन के होश
पटियाला के एक नामी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र वाटर बोतल में बीयर भरकर ले गया। स्कूल में उसने तीन साथियों के साथ बीयर पी। स्कूल प्रबंधन को इस बारे में पता चला तो उसके होश उड़ गए।

जेएनएन, पटियाला। शहर के एक नामी स्कूल में सातवीं कक्षा का एक छात्र वाटर बॉटल में बीयर भरकर ले आया। उसने स्कल में बीयर खुद भी पी और अपने अन्य तीन दोस्तों को भी पिलाई। इस बारे में स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल को जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। पूछताछ में छात्र ने अपनी गलती मान ली।
भूपिंदरा रोड स्थित इस स्कूल में पहले सातवीं कक्षा का एक स्टूडेंट घर से खाने के साथ वाटर बॉटल में बीयर भरकर ले आया था। उसने बीयर न केवल खुद पी, बल्कि अपने तीन साथियों के साथ भी शेयर की। किसी टीचर या अन्य स्टूडेंट को इसकी भनक तक नहीं लगी। उसके किसी साथी ने दो दिन बाद यह बात स्कूल के दूसरे स्टूडेंट के साथ शेयर की तो बात एक टीचर तक पहुंची।
टीचर ने घटना की जानकारी प्रिंसिपल को दी तो वह हैरान रह गए। उन्होंने स्टूडेंट को ऑफिस में बुलाकर पूछताछ की तो उसने पहले इस बात से मना किया, लेकिन जब प्रिंसिपल ने सख्ती से पूछताछ की तो सारा कुछ कबूल कर लिया। छात्र ने बताया कि वह घर से टिफिन के साथ ही वाटर बॉटल में बीयर भरकर लाया था। उसका मकसद यह था कि वह स्कूल में या स्कूल से बाहर किसी भी स्थान पर बीयर पी सकें। इस मामले में चार छात्र शामिल बताए जा रहे हैं।
पेरेंट्स से करेंगे बात : प्रिंसिपल
स्कूल के प्रिसिपलने बताया कि सातवीं का स्टूडेंट है, जो वाटर बॉटल में बीयर डालकर लाया था। मामला दो दिन पहले का है। यह बात टीचर के पास पहुंची तो जानकारी मिली। स्टूडेंट को बुलाकर सख्ती से पूछा तो स्टूडेंट ने माना कि वह बीयर लेकर आया था। आज स्टूडेंट के पेरेंट्स को बातचीत के लिए बुलाया गया है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।