विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब चुनाव: उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करते ही AAP को झटका, समाना विधायक ने छोड़ी पार्टी; BJP में जाने की अटकलें

Published: Sun, 01 Nov 2026 01:30 PM (IST)

चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। समाना विधानसभा हलके में यह AAP के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

जौड़ामाजरा ने छोड़ी आप की प्राथमिक सदस्यता, भाजपा में जाने की अटकलें तेज।

जौड़ामाजरा ने छोड़ी आप की प्राथमिक सदस्यता, भाजपा में जाने की अटकलें तेज।

HighLights

  1. चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने AAP की प्राथमिक सदस्यता छोड़ी।

  2. समाना हलके में पार्टी की नई व्यवस्था से थे नाराज।

  3. भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज, नए समीकरण संभव।

जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी को समाना विधानसभा हलके में बड़ा झटका लगा है। मौजूदा विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

लंबे समय से पार्टी हाईकमान से उनकी चल रही दूरी और समाना में पार्टी की नई राजनीतिक व्यवस्था को लेकर बनी नाराजगी के बीच उनके इस फैसले को अहम माना जा रहा है।

समाना की राजनीति में जौड़ामाजरा की नाराजगी उस समय खुलकर चर्चा में आई थी, जब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पूर्व अकाली मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा को आम आदमी पार्टी में शामिल करवाने के बाद उन्हें समाना का हलका इंचार्ज घोषित कर दिया था।

रखड़ा को इस जिम्मेदारी के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा शुरू हो गई थी कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी उन्हें समाना से उम्मीदवार बना सकती है। इससे मौजूदा विधायक जौड़ामाजरा की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे थे।

उधर कल शनिवार को आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इस सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित 40 मौजूदा विधायकों को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है, लेकिन समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा का नाम शामिल नहीं था। पार्टी के इस फैसले को उनके राजनीतिक भविष्य के संदर्भ में अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, रखड़ा को हलका इंचार्ज बनाए जाने और अब पहली सूची में जौड़ामाजरा का नाम नहीं होने से पार्टी के भीतर उनके लिए जगह लगातार सीमित होती दिखाई दे रही थी। इसी पृष्ठभूमि में उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का फैसला किया है।

उधर, जौड़ामाजरा के अगले राजनीतिक कदम को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि वह जल्द ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं।

हालांकि, भाजपा में शामिल होने को लेकर अभी उनकी ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। यदि वह भाजपा में जाते हैं तो समाना की चुनावी राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं और आम आदमी पार्टी के लिए भी इस हलके में नई चुनौती खड़ी हो सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।