धान के मूल्य में बढ़ोतरी नाकाफी, किसानों ने किया प्रदर्शन
पातड़ां (पटियाला) केंद्र सरकार के धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने से नाराज क्रांतिकारी किसान यूनियन ने रोष प्रदर्शन किया।
जेएनएन, पातड़ां (पटियाला) : केंद्र सरकार के धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने से नाराज क्रांतिकारी किसान यूनियन ने रोष प्रदर्शन किया। किसानों ने इस बढ़ोतरी को आंशिक बताया। किसानों ने दिल्ली-संगरूर राष्ट्रीय मुख्य मार्ग पर पातड़ां शहर के शहीद भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन करते हुए यातायात जाम किया। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
क्रांतिकारी किसान यूनियन के राज्य उपप्रधान हरभजन सिंह बुट्टर ने कहा है कि पहले से ही आर्थिक घाटे का सामना करते आ रहे किसानों का बुरा हाल है। परंतु केंद्र सरकार ने धान की फसलों पर घोषित मूल्य में 53 रुपये की बढ़ोतरी कर साबित कर दिया है कि सरकार किसान विरोधी है और कॉर्पोरेट घरानों के हाथ खेल रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के प्रकोप दौरान जब धान की बुआई और खर्च में भारी बढ़ोतरी हुई है उस समय किसानों की बा•ाू पकड़ने की जरूरत थी, लेकिन केंद्र सरकार ने ऐसा नहीं किया। किसानों ने चेतावनी दी है कि कुलहिद किसान संघर्ष तालमेल कमेटी सरकार की लोकविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इस अवसरपर किसान नेता साहिब सिंह दुताल, पूर्व सरपंच बूढ़ा सिंह, हरभजन सिंह धूहड़, सुखदेव सिंह हर्याऊ और सूबेदार नराता सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।