'मई में भी थी एक और धमाके की साजिश', पटियाला रेल ट्रैक विस्फोट के आरोपियों का खुलासा; RDX-डेटोनेटर और IED बरामद
पटियाला के शंभू बॉर्डर रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के आरोपियों ने मई में एक और वारदात की साजिश का खुलासा किया है।

पटियाला रेल ट्रैक विस्फोट के आरोपियों का खुलासा (एजेंसी फोटो)
HighLights
मई में एक और धमाके की साजिश का खुलासा
तरनतारन से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
आरडीएक्स, आईईडी, ग्रेनेड और पिस्तौलें मिलीं
जागरण संवाददाता,पटियाला। शंभू थाना इलाके के अंतर्गत गांव बठौणियां से गुजर रही रेलवे ट्रैक पर धमाके के बाद मई महीने में भी वारदात की तैयारी थी। शंभू बॉर्डर के इस रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने के लिए पहले रेकी की गई थी, जिसके बाद पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर रेल लाइन होने पर इसे निशाना बनाया जा रहा था। पटरी पर धमाका मालगाड़ी गुजरने पर करने की प्लानिंग थी। लेकिन इनकी प्लानिंग फेल हो गई थी।
रिमांड के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया है। जिसके बाद पटियाला पुलिस की टीम इन लोगों से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में है। शंभू बॉर्डर रेल लाइन तक पहुंचने के लिए इनकी मदद करने व मोटरसाइकल मुहैया करवाने वाले लोगों की पहचान के लिए वीरवार को भी पूछताछ की गई। तरनतारन से लौटने के बाद पटियाला पुलिस की टीम ने तकरीबन सात घंटे तक आरोपियों से पूछताछ की है, जिसके बाद अगली रेड की तैयारी की जा रही है।
तरतारन से मिला था भारी विस्फोटक
रेलवे ट्रैक पर धमाके की घटना के बाद पटियाला पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें रिमांड पर लेने के बाद पुलिस टीम ने तरनतारन में रेड की थी। तरनतारन में रेड के दौरान एक आरपीजी, 2.296 किलोग्राम वजन का एक धातु का आईईडी (चिपकने वाला बम), तीन डेटोनेटर, 1.456 किलोग्राम आरडीएक्स, एक पी-86 हैंड ग्रेनेड और तीन पिस्तौलें (ग्लॉक-18 ऑस्ट्रिया, पीएक्स-5 स्टॉर्म और स्टार मार्क), 84 जिंदा कारतूस, वायरलेस सेट और टाइमर स्विच भी बरामद किया गया था।
गिरफ्तार किए चारो आरोपियों प्रदीप सिंह खालसा, कुलविंदर सिंह, आईईडी लगाते समय धमाके में मारे गए आतंकी जगरूप के भाई सतनाम सिंह सत्ता और गुरप्रीत सिंह गोपी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर यह बरामदगी की गई है।
कार में छिपाए थे हथियार
हथियारों का जखीरा पंजवार खुर्द गांव में एक अस्तबल और एक कार में छिपाया गया था। इस आतंकी माड्यूल को मलेशिया में रहने वाला 'जुझार सिंह' नाम का व्यक्ति फंडिंग कर रहा था। वह अमेरिका में रहने वाले सुरिंदर सिंह ठीकरीवाल और पाकिस्तान में रहने वाले आतंकवादी रणजीत सिंह नीटा के संपर्क में था। इन आरोपियों को भी आरोपियों की लिस्ट में शामिल किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।