पटियाला नगर निगम चुनाव: वार्ड नंबर 32 में मतदान के दौरान हंगामा, कांग्रेस की उम्मीदवार से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज के आरोप
पटियाला नगर निगम चुनाव के वार्ड 32 में कांग्रेस उम्मीदवार रेखा अग्रवाल ने AAP के रणजीत सिंह पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। पूर्व ADGP गुरिंदर ढिल्लों ने घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष चुनाव की मांग की।

पटियाला नगर निगम चुनाव: वार्ड नंबर 32 में मतदान के दौरान हंगामा। फोटो जागरण
HighLights
वार्ड 32 चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार ने अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया।
AAP उम्मीदवार रणजीत सिंह पर गाली-गलौज और इशारों का आरोप।
पूर्व ADGP गुरिंदर ढिल्लों ने निष्पक्ष चुनाव की मांग की।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पटियाला नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 32 में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कांग्रेस की महिला उम्मीदवार रेखा अग्रवाल ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार रणजीत सिंह पर आंखें दिखाने, गाली-गलौज करने और अभद्र इशारे करने के आरोप लगाए। घटना की सूचना मिलने पर पटियाला कांग्रेस के कोआर्डिनेटर एवं पंजाब के पूर्व एडीजीपी गुरिंदर ढिल्लों मौके पर पहुंचे। वहीं, पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान गुरिंदर ढिल्लों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सुबह 10 बजे तक मतदान प्रक्रिया के दौरान भी इस तरह का माहौल बनाया जा रहा है।
गुरिंदर ढिल्लों ने चेतावनी देते हुए कहा कि पटियाला में आम आदमी पार्टी या किसी भी अन्य राजनीतिक दल का उम्मीदवार यदि किसी के साथ धक्केशाही करने की कोशिश करेगा, तो कांग्रेस इसका उचित जवाब देगी। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से होने चाहिए तथा किसी भी उम्मीदवार या मतदाता को डराने-धमकाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।