विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पटियाला नगर निगम चुनाव: 53 वार्डों में से 43 पर AAP की शानदार जीत, कांग्रेस-BJP के कितने उम्मीदवार जीते?

Published: Sat, 21 Dec 2024 10:07 PM (IST)

पटियाला नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है। आप ने 45 में से 35 ...और पढ़ें

राजपुरा नगर काउंसिल वार्ड 2 से चुने गए काउंसलर सुखचैन सिंह सरवारा विधायक नीना मितल व समर्थकों के साथ।
राजपुरा नगर काउंसिल वार्ड 2 से चुने गए काउंसलर सुखचैन सिंह सरवारा विधायक नीना मितल व समर्थकों के साथ।

जागरण संवाददाता, पटियाला। हंगामापूर्ण रहे चुनाव के बाद पटियाला नगर निगम के हाउस पर आम आदमी पार्टी ने कब्जा जमा लिया। आज शनिवार को पटियाला निगम के पांचवें हाउस के लिए कुल 45 वार्डों में चुनाव हुआ। इनमें से आम आदमी पार्टी ने 35, कांग्रेस ने चार, भाजपा ने चार और शिरोमणि अकाली दल ने दो वार्डों में जीत दर्ज की।

पटियाला नगर निगम में कुल 60 वार्ड हैं। इनमें से आठ वार्डों पर जहां आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चयनित घोषित हो चुके हैं, वहीं हाईकोर्ट के आदेशों मुताबिक बाकी बचे 7 वार्डों पर अभी चुनाव करवाया जाना है। चुनाव जीते 35 उम्मीदवार और निर्विरोध चुने गए आठ कौंसलर मिलाकर आप ने 43 कौंसलर का आंकड़ा छुआ।

यह पहला मौका है जब पटियाला निगम के हाउस में आम आदमी पार्टी सत्तारूढ़ हुई है। आप ने इससे पहले साल 2017 के बीते निगम चुनाव में हिस्सा लिया था, लेकिन तब उसका कोई कैंडिडेट जीत नहीं सका। पटियाला निगम के इतिहात में साल 2002 और 2017 के चुनाव में जहां कांग्रेस विजयी रही थी वहीं, साल 2007 में शिरोमणि अकाली दल और साल 2012 में अकाल-भाजपा गठबंधन विजयी रहा था।

निगम चुनाव के लिए महज 33 फीसदी मतदान

पटियाला निगम चुनाव के लिए मतदान फीसद काफी कम रहा। यह 33 फीसदी ही रहा यानि कि एक तिहाई। इसके विपरीत जिला के विभिन्न नगर कौंसिल उपचुनाव और नगर पंचायत चुनाव में मतदान फीसद काफी ज्यादा रहा। नगर कौंसिल उपचुनाव में पातड़ां में 67 फीसदी, राजपुरा में 54 फीसदी और नाभा में 53 फीसदी मतदान हुआ। इसी तरह नगर पंचायत चुनाव में घग्गा में 78 फीसदी और भादसों में 74 फीसदी मतदान हुआ।

बीते निगम चुनाव में ऐसे रहे परिणाम

साल 2017 के पटियाला निगम चुनाव में कुल साठ वार्डों में से कांग्रेस ने 59 वार्डों में जीत दर्ज की थी जबकि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को महज एक सीट मिली थी। साल 2012 के पटियाला निगम चुनाव में कुल 50 वार्डों में से अकाली-भाजपा गठबंधन ने 39, कांगरेस ने 09 और आजाद उम्मीदवारों ने दो वार्डों में जीत दर्ज की थी।

साल 2007 में पटियाला नगर निगम के कुल 50 वार्डों में से अकाली-भाजपा गठबंधन ने 42, कांग्रेस के चार और आजाद उम्मीदवारों में से चार विजयी रहे थे। साल 2002 के पटियाला निगम चुनाव में कुल 50 वार्डों में से कांग्रेस ने 38, अकाली दल ने छह और आजाद उम्मीदवारों ने छह वार्ड जीते। यहां अकाली-भाजपा गठबंधन नहीं हुआ था और भाजपा अपना खाता नहीं खोल सकी थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।